कोलकाता दुष्कर्म मामले पर इस्तीफा दें ममता : गिरिराज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Aug 2024 08:14 PM
कोलकाता दुष्कर्म मामले पर इस्तीफा दें ममता : गिरिराज
ऑडियो सुनें

बेगुसराय/नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कोलकाता में एक डॉक्टर की बलात्कार के बाद हत्या के मामले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस्तीफा मांगा है. सिंह ने अपने निर्वाचन क्षेत्र बेगुसराय में पत्रकारों से कहा कि ममता बनर्जी को इस घटना पर “शर्म” आनी चाहिए, क्योंकि “यह वर्षों पहले दिल्ली में हुए कुख्यात निर्भया सामूहिक बलात्कार से भी अधिक भयानक है .” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि अपराध के लिए गिरफ्तार किया गया व्यक्ति ”डमी” है और असली दोषियों को तृणमूल कांग्रेस से निकटता के कारण बचाया जा रहा है. तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी हैं.

सिंह ने आरोप लगाया, ”न केवल राजनीतिक नेताओं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने अब तक की जांच में अविश्वास व्यक्त किया है, क्योंकि ममता बनर्जी के सत्ता में रहने की वजह से छानबीन के साथ गंभीर समझौता किया गया है.” उन्होंने कहा कि इसलिए, ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री पद छोड़ देना चाहिए और जांच पूरी होने तक पश्चिम बंगाल को राज्यपाल शासन में रहने देना चाहिए.

सिंह ने कहा, ” उन्हें (ममता) खुद ही इस्तीफा दे देना चाहिए और केंद्र द्वारा ऐसा करने के लिए कहे जाने तक इंतजार नहीं करना चाहिए.” सिंह ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न पर देर से चिंता जताने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा.

केंद्रीय मंत्री ने कह, ”उन्हें इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने में इतने हफ्ते लग गए क्योंकि यह मामला हिंदुओं से संबंधित था. टुकड़े-टुकड़े गैंग हमेशा रोहिंग्या को लेकर अधिक चिंतित रहा है.” भाजपा नेता ने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान दशकों पहले अयोध्या में हुई पुलिस गोलीबारी का भी मुद्दा उठाया जब यादव के दिवंगत पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे.
सिंह ने कहा, ”अखिलेश यादव उस वंश से हैं जो राम सेवकों के खून पर राजनीति करता है. सनातन धर्म के अनुयायियों की दुर्दशा के लिए इन जैसे तत्वों को दोषी ठहराया जाना चाहिए.”

बंगाल ऐसा प्रदेश बन गया है जहां कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई: नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला चिकित्सक के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के बाद हत्या के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे जाने का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि अब सच्चाई सामने आएगी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने एक वीडियो जारी कर पश्चिम बंगाल सरकार पर इस मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया और दावा किया कि बंगाल एक ऐसा प्रदेश बन गया है जहां कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है.

उन्होंने कहा, ”उच्च न्यायालय ने इस मामले को सीबीआई को सौंपने को कहा है. इसका हम स्वागत करते हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि सीबीआई जांच से इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी होगा. सच्चाई सामने आएगी.” नड्डा ने कहा कि पिछले दो दिनों में बहुत से चिकित्सकों के संगठनों ने उनसे मुलाकात की और उन्होंने सभी को आश्वासन दिया है कि सरकार इस मामले में सभी आवश्यक कदम उठाएगी.

उन्होंने कहा, ”बंगाल में जो घटना हुई है वह सच में दिल दहला देने वाली और देश को झकझोर देने वाली है. मैं इस अमानवीय घटना की निंदा करता हूं.” उन्होंने कहा, ”जिस तरीके से सरकार ने इसे छिपाने और जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की, मैं इसकी भी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं. इसकी जितनी भर्त्सना की जाए वह कम है. बंगाल एक ऐसा प्रदेश बन गया है जहां कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है. अराजकता चरम पर है.” भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि और दुख की बात ये है कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं पर अत्याचार दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है और यह सब कुछ तब हो रहा है जब राज्य की मुख्यमंत्री एक महिला हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu