फ्रेस्नो गोलीबारी कांड में मारा गया व्यक्ति गोल्डी बराड़ नहीं : कैलिफोर्निया पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 May 2024 08:38 PM
फ्रेस्नो गोलीबारी कांड में मारा गया व्यक्ति गोल्डी बराड़ नहीं : कैलिफोर्निया पुलिस
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य की पुलिस ने इन खबरों को खारिज किया है कि फ्रेस्नो शहर में हुई गोलीबारी में मारा गया व्यक्ति कनाडा निवासी आतंकवादी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ था. बराड़ को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की घटना का मास्टरमाइंड बताया जाता है. फ्रेस्नो बी अखबार की खबर के अनुसार, पुलिस ने बुधवार को कहा कि फेयरमोंट-होल्ट एवेन्यू की एक गली में गैंगवार की घटना में मारे गए व्यक्ति की पहचान 37 वर्षीय जेवियर ग्लैडनी के रूप में हुई है.

पुलिस ने यह भी कहा कि यह घटना भारत में हुई मूसेवाला की हत्या से जुड़े मामले से संबंधित नहीं है. इसने कहा कि भारतीय मीडिया में बुधवार को अटकलें लगाई गईं कि घटना में मारा गया व्यक्ति मूसेवाला की हत्या की घटना का मास्टरमाइंड बराड़ था. अखबार के अनुसार, फ्रेस्नो पुलिस ने कहा कि विभाग को अंतरराष्ट्रीय मीडिया से कई कॉल आ रही हैं और अधिकारी भारत तथा अमेरिका में हुईं घटनाओं के बीच संबंध की बात को खारिज करने पर कार्य कर रहे हैं.

गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मंगलवार शाम 5:30 बजे फेयरमोंट-होल्ट की संबंधित गली में पहुंचे. अधिकारियों को घटनास्थल पर ग्लैडनी घायल अवस्था में मिला जिसे गोली लगी थी. उसे सामुदायिक क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्र ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. घटना में घायल हुए 13 वर्षीय एक बच्चे को भी अस्पताल ले जाया गया. फ्रेस्नो पुलिस के अधिकारी लेफ्टिनेंट पॉल सेर्वेंट्स ने बुधवार को कहा कि 13 वर्षीय बच्चा गोलीबारी के समय घटनास्थल पर था. उन्होंने बताया कि हमलावर की पहचान 33 वर्षीय डेरेन विलियम्स के रूप में हुई है. सेर्वेंट्स ने कहा कि घटना का कारण गिरोह संबंधी पारस्परिक विवाद था और विलियम्स की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया गया है.

प्रतिबंधित बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा बराड़ हत्याओं को अंजाम देने के उद्देश्य से सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भारत में आधुनिक श्रेणी के हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की तस्करी तथा हमलावर उपलब्ध कराने में शामिल रहा है.
वह पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का निवासी है और वर्तमान में कथित तौर पर कनाडा के ब्रैम्पटन में रह रहा है. उसे इस साल भारत सरकार ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत आतंकवादी घोषित किया था. केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक अधिसूचना के अनुसार, बराड़ को पाकिस्तान से मदद मिलती रही है और वह कई हत्याओं तथा कट्टरपंथी विचारधारा से लोगों को बरगलाने में शामिल रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu