महबूबा मुफ्ती विपक्षी दलों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पटना पहुंचीं

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 22 Jun 2023 02:45 PM
महबूबा मुफ्ती विपक्षी दलों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पटना पहुंचीं
ऑडियो सुनें

पटना: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पटना में विपक्षी दलों की शुक्रवार को होने वाली बैठक में हिस्सा लेने के लिए बृहस्पतिवार को यहां पहुंचीं। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा पटना में हवाई अड्डे पर पत्रकारों के किसी भी सवाल का जवाब दिए बिना सीधे उस गेस्ट हाउस चली गईं, जहां आमंत्रित नेताओं को ठहराया जा रहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने के इरादे से 23 जून को यह बैठक बुलाई है। पिछले साल अगस्त में भाजपा से नाता तोड़ने के बाद से ही नीतीश विपक्षी एकता पर जोर दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में महबूबा ने भाजपा के साथ गठबंधन सरकार का नेतृत्व किया था। हालांकि, पार्टी के साथ मतभेद गहराने के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद, अगस्त 2019 में अनुच्छेद-370 के निरस्त होने और जम्मू-कश्मीर के दो केंद्र-शासित प्रदेशों में विभाजित होने तक वहां राष्ट्रपति शासन लागू था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav