मोदी ने निर्णायक नेतृत्व और स्थिर सरकार दी है : अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 Jun 2023 10:00 PM
मोदी ने निर्णायक नेतृत्व और स्थिर सरकार दी है : अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

मुंबई. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को ”शासन में स्थिरता और निरंतरता के साथ-साथ निर्णायक नेतृत्व” दिया है. केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शासन में स्थिरता और निरंतरता देने के साथ-साथ निर्णायक नेतृत्व दिया है… मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल में पारर्दिशता रही.” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनधन खातों में दो लाख करोड़ रुपये की राशि जमा हुई है और इस अवधि में डिजिटल भुगतान प्रणाली का विस्तार तेजी से हुआ है.

उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के नेताओं ने मोदी को असली देशभक्त और दुनिया के सबसे प्रिय नेताओं में एक करार दिया है एवं यहां तक कहा है कि ‘मोदी बॉस हैं.’ उल्लेखनीय है कि पिछले महीने इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की थी और उन्हें ‘दुनिया का सबसे प्रिय नेता’ करार दिया था. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने हाल में नरेंद्र मोदी का उल्लेख ‘द बॉस’ के तौर पर किया था.

ठाकुर ने कहा, ”यह केवल मोदी की प्रशंसा नहीं है बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए सम्मान की बात है.” उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सफलता और गत नौ साल में भारत में हुए विकास को हजम नहीं कर पा रहा है. केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बारे में कहा कि उनके लिए, ”परिवार पहले आता है, पार्टी बाद में और देश आखिर में.” उन्होंने कहा कि 26/11 आतंकवादी हमले (मुंबई पर 26 नवंबर 2008 को हुआ आतंकी हमला) के दौरान तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ‘साइलेंट मोड’ (चुप्पी साधने की मुद्रा) में चली गई थी जबकि मोदी सरकार (अपने कार्यकाल में हमले होने पर) र्सिजकल या एयर स्ट्राइक कर ‘स्ट्राइकिंग मोड’ (हमलवार मुद्रा) में रही. मंत्री ने कहा कि देश में रक्षा उपकरणों का उत्पादन बढ.ा है.

उन्होंने कहा कि गत नौ साल में संविधान के अनुच्छेद-370 को समाप्त किया गया और राम मंदिर का निर्माण हो रहा है जबकि ‘नए भारत’की जरूरत के अनुसार संसद की नयी इमारत का निर्माण किया गया. ठाकुर ने कहा, ”लेकिन राहुल गांधी आपत्ति जता रहे हैं जबकि वह अब सांसद भी नहीं हैं.” अभिनेता नसीरुद्दीन शाह की ‘द केरला स्टोरी’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्मों को लेकर की गई आलोचनात्मक टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार में अभिव्यक्ति की आजादी है इसलिए लोग अपने विचार रख सकते हैं.

उन्होंने कहा कि लोग इच्छा होने पर ही फिल्म देखने जाते हैं क्योंकि कोई जबरदस्ती उन्हें सिनेमाघरों में नहीं ले जा सकता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली महिला पहलवानों के विरोध प्रदर्शन के बारे में ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी. खेल मंत्रालय का प्रभार भी संभाल रहे ठाकुर ने कहा, ”हम खिलाड़ियों के साथ हैं और सभी को न्याय पाने का अधिकार है.”

प्रदर्शनकारी पहलवानों के मुद्दे से संवेदनशीलता के साथ निपट रहा है केंद्र: ठाकुर

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों में भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी पहलवानों के मुद्दे से केंद्र सरकार संवेदनशील तरीके से निपट रही है. ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने जांच के लिए समिति के गठन की पहलवानों की मांग स्वीकार कर ली है और जांच चल रही है.

साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और संगीता फोगाट सहित ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के कई पदक विजेता पहलवान बृजभूषण की गिरफ्तारी की मां के साथ नयी दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे. बृजभूषण पर एक नाबालिग सहित कई महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. पहलवानों ने हाल में अपने पदक गंगा में बहाने की धमकी दी थी.

ठाकुर ने कहा, ”सरकार प्रदर्शनकारी पहलवानों के मुद्दे से संवेदनशीलता के साथ निपट रही है. पहलवानों ने प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी जो दिल्ली पुलिस ने किया है. भारतीय कुश्ती महासंघ ने प्रशासकों की समिति का गठन किया है क्योंकि उन्होंने मांग की थी कि पदाधिकारियों को संचालन करने की स्वीकृति नहीं दी जाए.” उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने पहलवानों को मजिस्ट्रेट अदालत में जाने को कहा है.

बुधवार को ठाकुर ने विरोध करने वाले पहलवानों को ऐसा कोई कदम नहीं उठाने के लिए कहा जो खेल या खिलाड़ियों को नुकसान पहुंचाए. उन्होंने कहा कि आरोपों की जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पहलवानों से धैर्य रखने और शीर्ष अदालत में विश्वास रखने का भी आग्रह किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu