केरल में मानसून ने दी दस्तक: झमाझम बारिश के साथ पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बढ़ा…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 30 May 2024 03:46 PM
केरल में मानसून ने दी दस्तक: झमाझम बारिश के साथ पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बढ़ा…
ऑडियो सुनें

केरल: देश के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की मार से बिलख रहे हैं, इधर दक्षिण पश्चिम मानसून ने पूर्वानुमान से एक दिन पहले ही केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है और वहां झमाझम बारिश हो रही है। धीरे-धीरे ये पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बढ़ रहा है।

आईएमडी की मानें तो अगले 24 घंटों में केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आने की परिस्थिति अनुकूल रहेगी। इससे पहले मौसम विभाग ने केरल में 31 मई तक मानसून आने का अनुमान लगाया था।

इधर बीते दिन दिल्ली एनसीआर में थोड़ी देर झमझमाकर बारिश हुई, पर नौतपा में इसका असर कुछ खास नजर नहीं आ रहा। बता दें कि आज दिल्ली में हीटस्ट्रोक से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, ये इस साल केंद्रशासित प्रदेश में पहली मौत है, जो हीटस्ट्रोक की वजह से हुई है।

बता दें कि बीतें दिन दिल्ली में 45.2 से 49.1 डिग्री सेल्सियस के पार पारा पहुंच गया था। वहीं, यूपी के भी कुछ हिस्सों गर्मी सितम ढा रही है। इधर, आईएमडी ने यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान के कुछ हिस्सों, बिहार, झारखंड, ओडिशा में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि रविवार को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से गुजरे चक्रवात रेमल ने मानसून को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया है, जो पूर्वोत्तर में मानसून जल्दी आने का एक कारण माना जा रहा है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले कुछ दिन से केरल में भारी बारिश हो रही है, जिसके फलस्वरूप मई में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।

IMD के मुताबिक, पूर्वोत्तर राज्यों (त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम) में मानसून के आने की सामान्य तारीख 5 जून है और इसी दौरान अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कोमोरिन, मालदीव, लक्षद्वीप के बाकी हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बनती जा रही हैं। इसके बाद यहां झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav