भारतीय सैनिक के शहीद होने पर मुफ्ती को दुख नहीं होता: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Sep 2024 08:41 PM
भारतीय सैनिक के शहीद होने पर मुफ्ती को दुख नहीं होता: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हिज्बुल्ला नेता हसन नसरल्ला की हत्या को लेकर चुनाव प्रचार रद्द करने के लिए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती की रविवार को आलोचना की और कहा कि जब देश की सीमा पर कोई भारतीय  सैनिक शहीद होता है तो उन्हें दुख नहीं होता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की यह प्रतिक्रिया मुफ्ती की उस घोषणा के एक दिन बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि वह “लेबनान और गाजा के शहीदों, विशेषकर हसन नसरल्ला के प्रति एकजुटता दिखाते हुए” रविवार को अपना चुनाव अभियान रद्द करने जा रही हैं.

इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “जब सीमा पर कोई भारतीय सैनिक शहीद होता है तो महबूबा मुफ्ती को दुख नहीं होता. लेकिन अगर लेबनान में कोई नसरल्ला मरता है तो उन्हें बहुत दुख होता है. वह किस तरह का संदेश देना चाहती हैं.” हालांकि हुसैन ने कहा कि भारत भी दुनिया में शांति चाहता है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपील कर रहे हैं कि युद्ध खत्म होना चाहिए. उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी शांति की अपील की थी.

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, “लेकिन महबूबा मुफ्ती देश के लोगों के लिए शोक नहीं मनातीं. अगर विदेश में कुछ होता है तो उन्हें बहुत दुख होता है.” अपने चुनाव अभियान को स्थगित करते हुए पीडीपी प्रमुख ने पहले ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “लेबनान और गाजा के शहीदों, खासकर हसन नसरल्ला के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कल अपना अभियान रद्द कर रही हूं. हम इस दुख और अनुकरणीय प्रतिरोध की घड़ी में फलस्तीन और लेबनान के लोगों के साथ खड़े हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu