मुंबई : समुद्र में लापता चार लड़कों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Jun 2023 08:25 PM
मुंबई : समुद्र में लापता चार लड़कों की मौत
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई के जुहू कोलीवाड़ा के पास समुद्र में जाने के बाद लापता हुए चारों लड़कों की मौत हो गई है. एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 12 से 16 साल की उम्र के पांच मित्र जुहू कोलीवाड़ा के पास सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे समुद्र में आधा किलोमीटर दूर गए थे, लेकिन वे लौट नहीं सके थे.

समूह में शामिल एक लड़के को बचा लिया गया था और बाकी की तलाश के लिए अग्निशमन दल ने भारतीय तटरक्षक बल की सहायता से तलाशी अभियान चलाया था. अग्निशमन दल के र्किमयों ने सोमवार रात करीब 11 बजे अंधेरे और खराब मौसम के कारण तलाश अभियान रोक दिया था. इससे पहले रात आठ बजकर 20 मिनट पर नौसेना के एक हेलीकॉप्टर को भी इस अभियान में तैनात किया गया था.

एक अधिकारी ने बताया कि लापता लड़कों का मंगलवार को पता लगाया गया और उन्हें सरकारी कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान जय रोशन तजबारिया (15), मनीष योगेश ओगानिया (12), शुभम योगेश ओगानिया (15) और धर्मेश वालजी फौजिया (16) के तौर पर की गई है. गौरतलब है कि अधिकारियों ने पहले ही चक्रवाती तूफान ‘बिपारजॉय’ के 15 जून को गुजरात तट को पार करने के अनुमान के मद्देनजर  लोगों और मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu