नवभारत रिपोर्टर
बिलासपुर. आल इंडिया नवभारत-सेंट्रल क्रॉनिकल व एसईसीएल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को रेलवे नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट मैदान पर खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया, लेकिन गोल के लिए तरसते दर्शकों को निराशा हाथ लगी। दिन के दोनों मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे और निर्धारित समय तक कोई भी टीम गेंद को गोलपोस्ट में नहीं पहुंचा सकी। दोनों मैच गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुए।
आरकेएम नारायणपुर और राजस्थान पुलिस 0-0 से बराबरी
दिन का पहला मुकाबला आरकेएम नारायणपुर और राजस्थान पुलिस के बीच खेला गया। शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए एक-दूसरे के डिफेंस पर दबाव बनाने का प्रयास किया। राजस्थान पुलिस ने कई मौकों पर आगे बढ़कर हमला बोला, वहीं आरकेएम नारायणपुर के खिलाड़ियों ने भी जवाबी हमलों के जरिए गोल करने की कोशिश की। हालांकि दोनों टीमों के मजबूत डिफेंस और गोलकीपरों की सतर्कता के कारण कोई भी प्रयास गोल में तब्दील नहीं हो सका। अंतत: मुकाबला 0-0 से बराबरी पर खत्म हुआ।
मुंबई और दल्लीराजहरा का स्कोर भी रहा 0-0
दूसरे मुकाबले में यूनियन बैंक आफ इंडिया मुंबई और दल्लीराजहरा माइंस की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में भी दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन अंतिम क्षणों में फिनिशिंग की कमी और विपक्षी रक्षापंक्ति की मजबूती के चलते गोल नहीं हो सका। पूरे मुकाबले में दोनों ओर से आक्रमण और बचाव का संतुलित खेल देखने को मिला। निर्धारित समय के बाद स्कोर 0-0 रहा।