एनआईए ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमला मामले में पंजाब, हरियाणा में छापे मारे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 Nov 2023 06:32 PM
एनआईए ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमला मामले में पंजाब, हरियाणा में छापे मारे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/चंडीगढ़. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने इस साल अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हुए हमलों की जांच के सिलसिले में बुधवार को पंजाब और हरियाणा में 14 स्थानों पर छापेमारी की. एजेंसी के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी.

प्रवक्ता ने कहा कि 19 मार्च और दो जुलाई को हुए हमलों के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए दोनों राज्यों में छापे मारे गए.
एजेंसी अवैध रूप से प्रवेश करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को चोट पहुंचाने और इमारत में आगजनी जैसे अपराधों के संबंध में जांच कर रही है.

एनआईए ने पंजाब के मोगा, जालंधर, लुधियाना, गुरदासपुर, मोहाली और पटियाला में जबकि हरियाणा के कुरूक्षेत्र और यमुनानगर जिलों में छापेमारी की. प्रवक्ता ने कहा कि कार्रवाई के दौरान आरोपी व्यक्तियों से संबंधित जानकारी वाले डिजिटल डेटा जब्त कर लिया गया. साथ ही अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं.

प्रवक्ता के मुताबिक, एनआईए वाणिज्य दूतावास पर हमला करने वालों की पहचान करने और उन पर मुकदमा चलाने तथा भारत विरोधी ऐसे तत्वों को कड़ा संदेश भेजने के उद्देश्य से मामले की जांच कर रही है. वाणिज्य दूतावास पर हमलों की घटनाओं की जांच के लिए एनआईए की एक टीम ने अगस्त 2023 में सैन फ्रांसिस्को का दौरा किया था. इस साल दो जुलाई को सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर खालिस्तान समर्थकों ने हमला किया था. यह हमला अलगाववादी खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में हुई हत्या के बाद किया गया था.

इससे पहले 19 मार्च को खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने वाणिज्य दूतावास पर हमला किया और तोड़फोड़ की थी.
खालिस्तान समर्थक नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय पुलिस द्वारा लगाए गए अस्थायी अवरोधकों को तोड़ दिया था और वाणिज्य दूतावास परिसर में दो तथाकथित खालिस्तानी झंडे लगा दिए. हालांकि, वाणिज्य दूतावास के र्किमयों ने तुरंत ही इन झंडों को हटा दिया था.

पाक स्थित आतंकवादी मॉड्यूल से जुड़े तीन लोग गिरफ्तार : पंजाब पुलिस

पंजाब पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी मॉड्यूल से जुड़े होने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कहा कि इन गिरफ्तारी के साथ ही उसने पैसे लेकर हत्या करने की साजिश को विफल कर दिया है. पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि आरोपियों के पास से आठ हथियार और 30 कारतूस बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बठिंडा के राजभूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा, फाजिल्का के रमन कुमार और कोटकपुरा के जगजीत सिंह के रूप में हुई है.

यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”बड़ी सफलता हासिल करते हुए बठिंडा के ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके आईएसआई नियंत्रित, पाकिस्तान स्थित आतंकवादी मॉड्यूल से संबंध हैं. शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी वर्तमान में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत संगरूर की जेल में बंद व्यक्तियों के संपर्क में थे.” सहायक पुलिस महानिरीक्षक (काउंटर इंटेलिजेंस) अवनीत कौर सिद्धू ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश से हथियार लेकर आए थे और उन्हें राज्य में दहशत पैदा करने के लिए लक्षित हत्याएं करने का काम सौंपा गया था. पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ बठिंडा के थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है.

जबलपुर मॉड्यूल मामला : एनआईए ने चार लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किए

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने वैश्विक आतंकवादी समूह आईएसआईएस के जबलपुर मॉड्यूल के सदस्यों द्वारा रची गई एक हिंसक साजिश से संबंधित मामले में गिरफ्तार किए गए चार लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.

एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह साजिश इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) द्वारा अपनी जमीनी ‘दावाह’ कार्यक्रम और विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भोले-भाले मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के प्रयास से संबंधित है एनआईए ने भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियों (रोकथाम) की संबंधित धाराओं के तहत मई में तीन आरोपियों सयैद मामूर अली, मोहम्मद आदिल खान और मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार किया था.

प्रवक्ता ने बताया कि चौथा आरोपी काशिफ खान को एनआईए ने अगस्त में गिरफ्तार किया था. मंगलवार को मध्यप्रदेश की एक विशेष अदालत में दाखिल किए आरोपपत्र में चारों आरोपियों के नाम दर्ज हैं. अधिकारी ने बताया कि अभी तक जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन की विचारधारा से प्रेरित थे और वे कई दिग्गज नेताओं सहित लोकतांत्रिक संगठनों व व्यक्तियों को निशाना बनाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे.प्रवक्ता ने बताया, ”मॉड्यूल स्थानीय धार्मिक स्थलों व घरों में बैठकें कर रहा था और आईएसआईएस नेतृत्व की छत्रछाया में हिंसक हमलों को अंजाम देकर देश में आतंक फैलाने की योजना बना रहा था.” भाषा

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu