NIA ने 19 स्थानों पर की छापेमारी, ISIS के आठ आतंकवादी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Dec 2023 10:02 PM
NIA ने 19 स्थानों पर की छापेमारी, ISIS के आठ आतंकवादी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने सोमवार को तीन राज्यों और दिल्ली में 19 स्थानों पर छापेमारी कर आईएसआईएस के एक मॉड्यूल सरगना सहित आठ कथित आतंकवादियों को गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
एनआईए ने आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) के खिलाफ सुबह-सुबह कार्रवाई करते हुए कर्नाटक में बेल्लारी और बेंगलुरु, महाराष्ट्र में अमरावती, मुंबई और पुणे, झारखंड में जमशेदपुर और बोकारो के अलावा दिल्ली में 19 ठिकानों पर छापेमारी की. इससे आरोपियों द्वारा आतंकी कृत्यों, विशेषकर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोटों को अंजाम देने की योजना को विफल कर दिया गया.

अधिकारी ने कहा कि मॉड्यूल प्रमुख मिनाज को सैयद समीर के साथ बेल्लारी से गिरफ्तार किया गया, जबकि मुंबई से अनस इकबाल शेख को, बेंगलुरु से मोहम्मद मुनीरुद्दीन, सैयद समीउल्लाह उर्फ सामी और मोहम्मद मुजम्मिल को गिरफ्तार किया गया. दिल्ली से शायान रहमान उर्फ हुसैन और जमशेदपुर से मोहम्मद शहबाज उर्फ जुल्फिकार उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया.

एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा, ” छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए आईएसआईएस के आठ एजेंट प्रतिबंधित संगठन आईएसआईएस के आतंक और आतंकवाद से संबंधित कृत्यों और गतिविधियों को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने में शामिल थे. ये लोग मिनाज उर्फ मोहम्मद सुलेमान के नेतृत्व में काम कर रहे थे. ” अधिकारी ने कहा कि छापेमारी में सल्फर, पोटैशियम नाइट्रेट, चारकोल, बारूद, चीनी और इथेनॉल जैसी विस्फोटक सामग्री के अलावा तेज धार वाले हथियार, स्मार्टफोन और अन्य डिजिटल उपकरणों के साथ-साथ बेहिसाबी नकदी और कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए.

एनआईए प्रवक्ता ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपियों ने आईईडी बनाने के लिए विस्फोटकों का उपयोग करने की योजना बनाई थी, जिसका इस्तेमाल आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने के लिए किया जाना था. अधिकारी ने कहा कि जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी हिंसक जिहाद, खिलाफत और आईएसआईएस के रास्ते पर चलते हुए ए्क्रिरप्टेड ऐप के जरिए लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे.

एनआईए प्रवक्ता ने कहा, ” वे अपने आतंकवादी समूह में भर्ती के उद्देश्य से विशेष रूप से कॉलेज के छात्रों को लक्षित कर रहे थे, और जिहाद के उद्देश्य से मुजाहिदीन की भर्ती से संबंधित दस्तावेजों को भी प्रसारित कर रहे थे. ” अधिकारी ने कहा कि यह छापेमारी भारत के खिलाफ इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) की आतंकी साजिश को नष्ट करने के एनआईए के प्रयासों का हिस्सा थी. उन्होंने कहा कि कर्नाटक, महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली की पुलिस के करीबी समन्वय और सहयोग से यह छापेमारी की गई. एनआईए ने 14 दिसंबर, 2023 को आईएसआईएस से प्रेरित बेल्लारी मॉड्यूल के खिलाफ मामला दर्ज किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu