एनआईए ने आतंकी साजिश मामले में श्रीनगर में नौ स्थानों पर छापेमारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Apr 2024 09:50 PM
एनआईए ने आतंकी साजिश मामले में श्रीनगर में नौ स्थानों पर छापेमारी की
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आतंकवाद से जुड़े एक मामले में सोमवार को श्रीनगर में नौ स्थानों पर छापेमारी की. अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि यह मामला एक आतंकी साजिश से संबंधित है जिसमें आतंकी संगठनों और उनकी नव गठित इकाइयों द्वारा विस्फोटकों एवं छोटे हथियारों का उपयोग कर जम्मू-कश्मीर में हिंसा फैलाने के षडयंत्र शामिल हैं.

एनआईए के प्रवक्ता ने बताया, ”पाकिस्तान सर्मिथत आतंकी संगठनों और उनकी इकाइयों की संलिप्तता वाले आतंकी साजिश मामले में जम्मू कश्मीर में एक व्यापक कार्रवाई करते हुए एनआईए ने श्रीनगर में नौ स्थानों पर छापेमारी की.” उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध डेटा और दस्तावेजों वाले डिजिटल उपकरण जब्त किए गए.

उन्होंने बताया कि लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, हिज्बुल मुजाहिदीन, अल-बद्र और अल-कायदा समेत अन्य प्रतिबंधित संगठनों एवं उनसे संबद्ध नव गठित इकाइयों के हाइब्रिड आतंकवादियों तथा उनके सहयोगियों के परिसरों में छापेमारी की गई. प्रवक्ता ने बताया कि आतंवादियों से सहानुभूति रखने वालों और इन संगठनों के सदस्यों के परिसरों की गहन तलाशी ली गई. एजेंसी ने कहा कि इसकी टीम ने आतंक रोधी एजेंसी द्वारा 21 जून 2022 को स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज मामले में अपनी जांच के तहत व्यापक तलाशी ली.

अधिकारियों के मुताबिक, मामले में संदिग्ध लोग द रेसिस्टेंट फ्रंट (टीआरएफ) से जुड़े हुए हैं, जो लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) की इकाई है.
लश्कर और टीआरएफ प्रतिबंधित संगठन हैं और ये संगठन कश्मीरी युवाओं को आतंकी संगठनों में शामिल होने के लिए लगातार उकसाने में शामिल रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि दोनों संगठन युवाओं को बहला-फुसला कर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए तैयार करते हैं और ये संगठन एक्स, टेलीग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया मंचों पर सक्रिय हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu