उपमुख्यमंत्री को बचाने के लिए नीतीश नैतिकता तक भूल गए: नड्डा

बिहार में भाजपा ने पार्टी नेता की लाठीचार्ज से मौत होने का लगाया आरोप, प्रशासन का इनकार

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बिहार की राजधानी पटना में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज को नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा करार दिया और आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बचाने के लिए मुख्यमंत्री नैतिकता तक भूल गए हैं.

भाजपा की बिहार इकाई ने बृहस्पतिवार को पटना में राज्य सरकार के खिलाफ एक मार्च निकाला था. इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. भाजपा का दावा है कि पार्टी के जहानाबाद जिले के महासचिव की पुलिस द्वारा ‘क्रूरता पूर्वक’ लाठीचार्ज में घायल होने के कारण मौत हो गयी. हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने इस दावे का खारिज कर दिया.

नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ”भाजपा कार्यकर्ताओं पर पटना में हुआ लाठीचार्ज राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा है. महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार के किले को बचाने के लिए लोकतंत्र पर हमला कर रही है.” उन्होंने तेजस्वी यादव का नाम लिए बगैर कहा कि जिस व्यक्ति के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल हुआ है, उसको बचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गये हैं.

भाजपा अध्यक्ष का इशारा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के रेल मंत्री रहते हुए उनके कार्यकाल में हुए भूमि घोटाले में उनके बेटे एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ ताजा आरोपपत्र की ओर था. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) ने इस घटना की निंदा की और आरोप लगाया कि बिहार में लोकतंत्र खत्म हो गया है.

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ”जहानाबाद के भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की पुलिस लाठीचार्ज में मौत हो गई. भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा को विधानसभा से बाहर निकाल दिया गया और पुलिस ने वरिष्ठ नागरिक भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल पर भी लाठीचार्ज किया. मनमानी की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं.

बिहार में भाजपा ने पार्टी नेता की लाठीचार्ज से मौत होने का लगाया आरोप, प्रशासन का इनकार

भारतीय जनता पार्टी के बिहार इकाई के एक नेता की बृहस्पतिवार को यहां विधानसभा की ओर पार्टी के मार्च के दौरान पुलिस की लाठीचार्ज के बाद हुई ”मौत” पर विवाद शुरू हो गया है. विपक्षी भाजपा ने आरोप लगाया है कि पार्टी के जहानाबाद जिले के महासचिव की पुलिस द्वारा ”क्रूरता पूर्वक” लाठीचार्ज में घायल होने के कारण मौत हो गयी . हालांकि, स्थानीय प्रशासन कुछ ही देर बाद इस प्रकार की घटना से इंकार कर दिया.

एक बयान में, पटना में जिला प्रशासन ने कहा कि जहानाबाद जिले के रहने वाले विजय कुमार सिंह ”सड़क के किनारे बेहोश पाए गए थे .” बयान में कहा गया है कि उनके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं हैं. इसमें कहा गया है कि सिंह को पीएमसीएच (पटना मेडिकल कालेज एवं असताल) ले जाया गया है . इस बीच, यह अफवाह फैल गयी कि सिंह की मौत हो गयी है. वह यहां नीतीश कुमार सरकार की शिक्षक भर्ती नीति के खिलाफ ”विधानसभा मार्च” में शामिल होने के लिए आए थे .

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट किया, ”बिहार पुलिस द्वारा पटना, जहानाबाद जिले में गिरफ्तार किए गए जी एस विजय कुमार सिंह की पुलिस द्वारा क्रूरतापूर्वक किए गए लाठीचार्ज में मौत हो गई.” पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ट्वीट कर दावा किया कि पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज राज्य सरकार की विफलता और आक्रोश का नतीजा है .
उन्होंने कहा, ”बिहार की महागठबंधन सरकार भ्रष्टाचार के अपने गढ़ को बचाने के लिये लोकतंत्र पर हमला कर रही है . एक ऐसे व्यक्ति को बचाने के लिये बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता को भी भूल गये हैं जिसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल है.

नड्डा बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना, राजद नेता का हवाला दे रहे थे जिनके खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने भूमि घोटाले में आरोप पत्र दायर किया है. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आश्चर्य जताया कि क्या बिहार में इस समय ”अघोषित आपातकाल” है?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button