न्याय यात्रा: कांग्रेस ने असम के सोनितपुर में जयराम रमेश की कार, मीडियाकर्मियों पर हमले का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Jan 2024 07:02 PM
न्याय यात्रा: कांग्रेस ने असम के सोनितपुर में जयराम रमेश की कार, मीडियाकर्मियों पर हमले का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी/नयी दिल्ली. असम के सोनितपुर जिले में रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश के वाहन पर कथित तौर पर हमला किया गया और पार्टी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के साथ जा रहे मीडियार्किमयों के साथ उपद्रवियों ने ”हाथापाई” की. कांग्रेस के एक नेता ने यह जानकारी दी.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली यात्रा का असम में चौथा दिन है. यात्रा बिस्वनाथ जिले से सोनितपुर होते हुए नगांव जा रही है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की संचार समन्वयक महिमा सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”जयराम रमेश और कुछ अन्य की कार जमुगुरीघाट के पास यात्रा के मुख्य काफिले में शामिल होने के लिए जा रही थी, तभी उन पर हमला हुआ.” कांग्रेस नेता ने कहा, ”हमने पुलिस को सूचित किया और अपर पुलिस अधीक्षक अभी मौके पर हैं.” कांग्रेस नेता ने कहा कि उनके वाहन से ‘न्याय यात्रा’ के स्टिकर हटा दिए गए और हमलावरों ने वाहन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का झंडा लगाने का प्रयास किया, जिससे पिछला शीशा लगभग टूट गया.

उन्होंने कहा, ”यात्रा को कवर कर रहे एक ब्लॉगर का कैमरा, बैज और अन्य उपकरण छीन लिए गए. पार्टी की सोशल मीडिया टीम के सदस्यों के साथ भी बदसलूकी की गई.” सिंह ने कहा कि इलाके में भाजपा का एक कार्यक्रम हो रहा था और कुछ मीडियाकर्मी फुटेज दिखाने के लिए अपने वाहनों से उतरे थे. कांग्रेस नेता ने कहा, ”उन्होंने हमारे लिए बहुत भयावह स्थिति पैदा कर दी. उन्होंने ब्लॉगर का कैमरा लौटाने से इनकार कर दिया और दावा किया कि कैमरा छीना नहीं गया था.”

प्रधानमंत्री को मणिपुर जाने का वक्त नहीं मिला : कांग्रेस का तंज

कांग्रेस ने मणिपुर के स्थापना दिवस पर लोगों को बधाई देने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर रविवार को निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दी हैं लेकिन उन्हें राज्य का दौरा करने का ”वक्त नहीं मिला है और न ही उन्होंने इसे जरूरी समझा” जो पिछले साल तीन मई के बाद से इतनी पीड़ा से गुजर रहा है.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि राज्य में हिंसा जारी है और सामाजिक सौहार्द नष्ट हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने चुप्पी साधी हुई है और मणिपुर के नेताओं और दलों से मुलाकात करने से इनकार कर रहे हैं. रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”प्रधानमंत्री मणिपुर के स्थापना दिवस पर ट्वीट करते हैं लेकिन उन्हें इस राज्य का दौरा करने का वक्त नहीं मिला है और न ही उन्होंने इसे जरूरी समझा है जो तीन मई 2023 के बाद से ही इतने दर्द और पीड़ा से गुजर रहा है.”

कांग्रेस के संचार के प्रभारी महासचिव ने कहा, ”राज्य की जनता की परेशानी बरकरार है. हिंसा जारी है. सामाजिक सौहार्द नष्ट हो गया है लेकिन प्रधानमंत्री की चुप्पी बरकरार है और वह राज्य के नेताओं और राजनीतिक दलों से मुलाकात करने से इनकार कर रहे हैं.” रमेश ने कहा, ”सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने जो शुभकामनाएं दी हैं, वे उनके पाखंड का एक और प्रदर्शन है.” इससे पहले, मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मणिपुर के स्थापना दिवस पर, राज्य के लोगों को मेरी शुभकामनाएं. मणिपुर ने भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.” उन्होंने कहा, ”हमें राज्य की संस्कृति और परंपराओं पर गर्व है. मैं मणिपुर के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना करता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu