विपक्षी नेताओं ने नेहरू पर राजनाथ की टिप्पणी को ध्यान भटकाने का प्रयास बताया

राजनाथ सिंह को नरेन्द्र मोदी की राह पर नहीं चलना चाहिए: कांग्रेस

नयी दिल्ली. विपक्ष के कई नेताओं ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर दिए गए एक बयान की आलोचना करते हुए बुधवार को कहा कि सत्तारू­ढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ऐतिहासिक तथ्यों को विकृत करने तथा असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास करती है.

सिंह ने मंगलवार को गुजरात में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू सार्वजनिक धन से ”बाबरी मस्जिद” बनवाना चाहते थे, लेकिन सरदार वल्लभभाई पटेल ने उनकी योजना सफल नहीं होने दी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों का उद्देश्य उन वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाना है जिन पर चर्चा की आवश्यकता है.

वायनाड से लोकसभा सदस्य ने कहा, ”ये सभी ध्यान भटकाने वाली बातें हैं. ऐसे कई अन्य वास्तविक मुद्दे हैं जिन पर चर्चा की जरूरत है. वे हर दिन ध्यान भटकाते हैं ताकि हम लोगों के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने में असमर्थ हों.” चंडीग­ढ़ से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य मनीष तिवारी ने कहा कि रक्षा मंत्री को ”अपनी कहानी के अनुरूप इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने के बजाय” सामरिक चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. सहारनपुर से कांग्रेस के लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने भी सिंह के दावे पर सवाल उठाया.

मसूद ने संवाददाताओं से कहा, ”मुझे नहीं पता कि वह ऐसी टिप्पणी क्यों कर रहे हैं. हम केवल एक ऐतिहासिक दस्तावेज के बारे में जानते हैं. अगर यह पंडित जवाहरलाल नेहरू से संबंधित है, तो उनके पास दस्तावेज होना चाहिए….” समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि रक्षा मंत्री को मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.

उन्होंने कहा, ”राजनाथ सिंह बहुत अनुभवी नेता और भारत के रक्षा मंत्री हैं और उन्हें हमारे सशस्त्र बलों और सेनानियों को सुविधाएं और अन्य सुविधाएं प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए… मेरा मानना है कि रक्षा मंत्री को ऐसे मामलों की पूरी जानकारी नहीं होगी. आप जानते हैं कि भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक तथ्यों को कैसे प्रस्तुत करती है, और मुझे लगता है कि पूरा देश इसे समझता है.” तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद ने कहा, ”राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री के रूप में एक बहुत ही जिम्मेदार संवैधानिक पद पर हैं. वह इतने वरिष्ठ नेता हैं… यह उन्हें शोभा नहीं देता. वह जो कह रहे हैं, उसके सबूत पेश करने चाहिए या माफी मांगनी चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए. यह शर्मनाक है.”

राजनाथ सिंह को नरेन्द्र मोदी की राह पर नहीं चलना चाहिए: कांग्रेस

कांग्रेस ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर दिए गए एक बयान का हवाला देते हुए बुधवार को उन पर कटाक्ष किया और कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राह पर नहीं चलना चाहिए. सिंह ने मंगलवार को कहा था कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू सार्वजनिक धन से ”बाबरी मस्जिद” बनवाना चाहते थे, लेकिन सरदार वल्लभभाई पटेल ने उनकी योजना सफल नहीं होने दी.

इस बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ”रक्षा मंत्री से तो हम यही कहेंगे कि आप तो ऐसे न थे. बाकियों का समझ में आता है. आपके पास क्या सबूत है?” उन्होंने दावा किया, ”हमारे पास इसका सबूत है कि दिल्ली में आरएसएस कार्यालय की पार्किंग बनाने के लिए सैकड़ों साल पुराना एक मंदिर तोड़ दिया गया.” खेड़ा का कहना था, ”बाबरी मस्जिद तो सैकड़ों साल पहले बनी होगी, नेहरू जी कब पैदा हुए थे? सरदार पटेल की मृत्यु 1950 में हुई थी, उसके 14 साल बाद तक नेहरू जी थे. क्या उन्होंने मस्जिद बनवाई?” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ”राजनाथ सिंह जी को मोदी जी की राह पर नहीं चलना चाहिए. मोदी जी भाजपा को बहुत नुकसान करके जाएंगे. अब पीछे-पीछे सभी मोदी जी के रास्ते पर चले जाएंगे, तो नुकसान भाजपा का होगा. हमें कोई दिक्कत नहीं है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button