विपक्ष ने ‘संकीर्ण’ राजनीतिक लाभ के लिए उत्तर-दक्षिण के विभाजन की बात की: रक्षा मंत्री राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Feb 2024 08:04 PM
विपक्ष ने ‘संकीर्ण’ राजनीतिक लाभ के लिए उत्तर-दक्षिण के विभाजन की बात की: रक्षा मंत्री राजनाथ
ऑडियो सुनें

विशाखापत्तनम. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर-केंद्रित पार्टी नहीं है और विपक्षी दलों ने ‘संकीर्ण’ राजनीतिक लाभ के लिए उत्तर-दक्षिण विभाजन की बात की है. उन्होंने कहा कि पार्टी को बदनाम करने के ऐसे प्रयास राष्ट्रीय अखंडता पर भी सवाल खड़े करते हैं. एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा दक्षिणी राज्य कर्नाटक सहित देश के विभिन्न राज्यों में सत्तारूढ़ पार्टी रही है और यह आरोप कि यह केवल उत्तर भारत की पार्टी है, ‘तथ्यात्मक रूप से गलत’ है.

रक्षा मंत्री ने कहा, ”हम पर अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि भाजपा सिर्फ उत्तर भारत की पार्टी है. ये तो आप सभी ने सुना ही होगा. वो हम पर ये आरोप भी लगाते हैं कि हम सिर्फ हिंदी भाषी क्षेत्र की पार्टी हैं. हमने असम में पूर्ण बहुमत से दो बार सरकार बनाई है जो हिंदी ‘पट्टी’ का राज्य नहीं है.” वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी लगभग तीन-चार दशकों से राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रही है और पिछले लोकसभा चुनाव में उसे पश्चिम भारत में सबसे अधिक सीट मिलीं.

सिंह ने कहा, ”गुजरात में हमारी लगभग 30 साल से सरकार है. अगर दक्षिण भारत के राज्यों की बात करें तो कर्नाटक में हमारी सरकार लंबे समय तक रही. फिलहाल हम पश्चिम बंगाल, ओडिशा और कर्नाटक में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी हैं. आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में हमारा वोट प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है.”

सिंह ने कहा, ”दक्षिण भारत की समृद्धि के आंकड़े दिखाकर हमारे विपक्षी सहयोगी कई बार उत्तर भारतीयों और दक्षिण भारतीयों के बीच शत्रुता दर्शाने की कोशिश करते हैं.” उन्होंने कहा, ”प्रयास यह होना चाहिए कि हम दोनों को मिलाकर कुछ अच्छा, कुछ बड़ा कर सकें.” उन्होंने कहा कि दोनों को और अधिक जोड़ने का प्रयास होना चाहिए, न कि भाषा और समृद्धि के नाम पर दोनों को तोड़ने का. रक्षा मंत्री ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की साख बढ़ी है और देश अब कमजोर देश नहीं रहा.

उन्होंने कहा, ”भारत अब दुनिया का एक शक्तिशाली देश बन गया है. अगर कोई भारत पर गलत तरीके से निशाना साधने की जुर्रत करेगा तो देश मुंहतोड़ जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा. अब कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों का भी मानना ??है कि 21वीं सदी भारत की होगी.” उन्होंने कहा, ”हमारे प्रधानमंत्री की विदेशों में इतनी साख है कि कतर में जिन आठ पूर्व भारतीय नाविकों को मौत की सजा दी गई थी, उन्हें वहां माफ कर दिया गया और उनमें से एक विशाखापत्तनम का है.” सिंह ने उन आरोपों को भी खारिज कर दिया कि भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी है.

उन्होंने कहा कि कुछ लोग भाजपा पर सांप्रदायिक पार्टी होने का आरोप लगाते हैं, लेकिन भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी धर्मनिरपेक्ष पार्टी है. उन्होंने कहा कि आज अरब क्षेत्र के पांच देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित कर चुके हैं.
सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ”भ्रष्टाचार की जननी, तुष्टी कीकरण जननी और वंशवाद की जननी” है.

सिंह ने कहा, ”हम जो कहते हैं वो करते हैं. हमने अनुच्छेद 370 को खत्म करने का वादा किया था और हमने किया. हमने तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म करने का वादा किया था, हमने वो किया है. हमने समान नागरिक संहिता की बात की थी. आज उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने इसे लागू कर दिया है.”

राजनाथ ने कहा, ”हमने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू किया. शुरुआत में लोगों को कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा लेकिन आज देश को जीएसटी से लाभ हुआ है. आज हमारे प्रधानमंत्री अगली पीढ़ी के लिए बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रहे हैं. यह सिर्फ चुनाव जीतने के लिए नहीं है बल्कि देश को दीर्घकालिक रूप से मजबूत करने के लिए है.” उन्होंने कहा कि आज भारतीय बैंकों में एनपीए (गैर-निष्पादित संपत्ति) काफी कम हो गई है. उन्होंने कहा कि अब भारत ‘पांच कमजोर देशों’ की श्रेणी से ‘शानदार पांच देशों’ की श्रेणी में आ गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu