कबीरधाम में वाहन के घाटी में गिरने पर 18 लोगों की मौत, चार घायल

प्रधानमंत्री मोदी ने कवर्धा सड़क हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया

कवर्धा/नयी दिल्ली. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सोमवार को एक वाहन (पिकअप) के घाटी में गिरने से 17 महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई तथा चार अन्य घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाहपानी गांव के करीब दोपहर बाद लगभग 1:45 बजे वाहन के बंजारी घाट में गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 17 महिलाएं हैं.

उन्होंने बताया कि कुई गांव के रहने वाले ग्रामीण तेंदूपत्ता एकत्र करने जंगल गए थे और वे जब पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे तभी बाहपानी गांव के करीब वाहन बंजारी घाट में गिर गया. अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वाहन पहले सड़क से नीचे गिरा और घाटी के निचले हिस्से में बनी सड़क से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को मौके पर भेजा गया तथा बचाव कार्य शुरू किया गया.

कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया, “दुर्घटना में 12 महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए.” पल्लव ने बताया, “पुलिस दल ने घायलों को अस्पताल भेजा जहां पांच अन्य महिलाओं की मौत हो गई.” उन्होंने बताया कि तीन महिलाओं समेत अन्य चार घायलों को इलाज के लिए बेहतर सुविधा वाले अस्पतालों में भेजा जा रहा है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है तथा जिला प्रशासन को घायलों को बेहतर इलाज प्रदान करने का निर्देश दिया है.

साय ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ”कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास वाहन के पलटने से 18 लोगों के निधन और चार अन्य लोगों के घायल होने का दु?खद समाचार प्राप्त हुआ है. घायलों के बेहतर इलाज के आवश्यक निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए है. ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं. जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.”

प्रधानमंत्री मोदी ने कवर्धा सड़क हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के कवर्धा में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. राज्य के कबीरधाम जिले में एक पिकअप वाहन के खाई में गिरने से 14 महिलाओं समेत 15 लोगों की मौत हो गई तथा आठ अन्य घायल हो गए. जिले के कुई गांव के रहने वाले ग्रामीण तेंदूपत्ता एकत्र करने गए थे तथा जब वे एक पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी बाहपानी गांव के करीब वाहन एक खाई में गिर गया.

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”छत्तीसगढ़ के कवर्धा में हुआ सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है. इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है.”

राष्ट्रपति मुर्मू ने छत्तीसगढ़ दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को छत्तीसगढ़ में हुई एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.”

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button