पाकिस्तान ने हदें पार करके जम्मू कश्मीर में नागरिक आबादी को निशाना बनाया: मुख्यमंत्री उमर

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 07 May 2025 01:30 PM
पाकिस्तान ने हदें पार करके जम्मू कश्मीर में नागरिक आबादी को निशाना बनाया: मुख्यमंत्री उमर
ऑडियो सुनें

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि पड़ोसी देश में आतंकी ढांचे को निशाना बनाकर भारत द्वारा किए गए मिसाइल हमलों के बाद पाकिस्तान ने ‘‘अपनी हदें पार करके’’ केंद्र शासित प्रदेश में नागरिक आबादी को निशाना बनाने का काम किया है।

अब्दुल्ला ने यहां एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘जैसा कि सूचना मिल रही है, पाकिस्तान ने अपनी हदें पार करके नागरिक आबादी को निशाना बनाने का काम किया है। इसलिए मैंने स्थिति का जायजा लिया है और हम बदलते हालात के साथ उससे निपट रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने बहुत सावधानी के साथ यह सुनिश्चित किया कि हमले में कोई सैन्य और ‘सिविल’ ढांचा निशाना न बने।

उन्होंने कहा, ‘‘पहलगाम में 26 बेकसूर लोगों की अमानवीय और बर्बर हत्या के बाद यह उम्मीद थी कि भारत उचित तरीके से जवाब देने के अपने अधिकार का इस्तेमाल करेगा। मुझे लगता है कि भारत और भारतीय रक्षा बलों ने यह सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान में कोई सैन्य और ‘सिविल’ ढांचा निशाना नहीं बने। उन्होंने सिर्फ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया।’’

इससे पहले अब्दुल्ला ने नियंत्रण रेखा और केंद्र शासित प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में सरकार की तैयारियों का आकलन करने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक हैंडल पर लिखा, ‘‘सीमा/एलओसी (नियंत्रण रेखा) क्षेत्रों में सुरक्षा और तैयारियों का आकलन करने के लिए एक बैठक आयोजित की। नागरिक जीवन की सुरक्षा, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और किसी भी उभरती चुनौतियों का त्वरित जवाब सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।’’

बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, मुख्य सचिव अटल डुल्लू और कश्मीर के संभागीय आयुक्त वी. के. बिधूड़ी शामिल हुए। जम्मू में अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक में शामिल हुए। समीक्षा बैठक जम्मू कश्मीर में नागरिक इलाकों पर पाकिस्तान की अंधाधुंध गोलाबारी की पृष्ठभूमि में आयोजित की गई थी। इससे पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने पड़ोसी देश में आतंकी ढांचे को निशाना बनाने के लिए मिसाइल हमले किए थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital