पटनायक ने बीजद कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की ‘अक्षमता’ उजागर करने की अपील की 

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 14 Oct 2026 04:34 PM
पटनायक ने बीजद कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की ‘अक्षमता’ उजागर करने की अपील की 
ऑडियो सुनें

बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को ओडिशा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर अक्षमता का आरोप लगाते हुए कहा कि हर वर्ग के लोग परेशान हैं और ‘जेन-जी’ का भविष्य अंधकारमय है। विधानसभा में विपक्ष के नेता पटनायक ने बीजद की ‘जन संपर्क पदयात्रा’ के दौरान यहां एक सभा में कहा कि सत्ताधारी पार्टी राज्य के विकास के बजाय अपने विकास पर ध्यान दे रही है।

पटनायक ने कहा, ”जब बीजद सत्ता में थी तो उसका एकमात्र एजेंडा ओडिशा का विकास था, लेकिन मौजूदा ‘डबल-इंजन’ सरकार का मुख्य मकसद अपनी पार्टी का विकास करना है।” मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए पांच बार मुख्यमंत्री रहे पटनायक ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में किसान, महिलाएं, बुजुर्ग, गरीब और मध्यम वर्ग सभी परेशान हैं।

उन्होंने कहा, ”जेन-जी का भविष्य अंधकारमय है।” बीजद प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से लोग बहुत परेशान हैं, जबकि सरकार बेपरवाह बनी हुई है। उन्होंने कहा, ”अक्षमता के मामले में ओडिशा सरकार पूरे देश में पहले नंबर पर है।” उन्होंने बीजद कार्यकर्ताओं से लोगों के साथ खड़े होने और राज्य सरकार का ‘असली चेहरा’ बेनकाब करने की अपील की।

पटनायक तीसरी बार पार्टी के जन-संपर्क कार्यक्रम में शामिल हुए। ओडिशा में ‘जन संपर्क पदयात्रा’ दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर शुरू हुई और यह दो नवंबर तक चलेगी। नौ अक्टूबर को कार्यक्रम में अपनी पिछली भागीदारी के दौरान, पटनायक ने माझी सरकार पर राज्य के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया था, खासकर संसद में ‘खदान एवं खनिज ( विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026’ के पारित होने के संबंध में। बीजद ने नए खनन कानून का विरोध करते हुए कहा है कि इससे राज्य को खदान मालिकों से शुल्क के रूप में होने वाली एक लाख करोड़ रुपये की कमाई का नुकसान होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav