लोग संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस को वोट करें: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 Apr 2024 07:46 PM
लोग संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस को वोट करें: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को लोगों का आह्वान किया कि वे लोकतंत्र एवं संविधान बचाने तथा पार्टी के ‘क्रांतिकारी’ घोषणापत्र के लिए वोट करें. उन्होंने एक वीडियो संदेश में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है.

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ”यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है. एक तरफ भाजपा और आरएसएस (राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ) हैं जो लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं. दूसरी तरफ कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन हैं जो संविधान और लोकतंत्र को बचा रहे हैं.” राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा, ”आप से बातचीत करके और आपके दिल के अंदर जो था, उसको सुनकर हमने क्रांतिकारी घोषणापत्र बनाया है. यह आपका घोषणापत्र है. कांग्रेस ने इसे बनाया है, लेकिन आवाज आपकी है.”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 -25 लोगों को अरबपति बनाया है, लेकिन हम करोड़ों महिलाओं और युवाओं को लखपति बनाने जा रहे हैं. किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दे रहे हैं, कर्ज माफ करने जा रहे हैं. मजदूरों को 400 रुपये की न्यूनतम मजदूरी दे रहे हैं.” राहुल गांधी ने लोगों का आह्वान किया,”कांग्रेस का समर्थन कीजिए और ‘हाथ’ के सामने का बटन दबाइए.” लोकसभा चुनाव सात चरणों में होने हैं. प्रथम चरण के तहत गत शुक्रवार को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें मतदान प्रतिशत लगभग 65.5 रहा.

चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को केरल की सभी 20 सीट, कर्नाटक की 28 में से 14 सीट, राजस्थान की 13 सीट, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की आठ-आठ सीट, मध्य प्रदेश की सात सीट, असम और बिहार की पांच-पांच सीट, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की तीन-तीन सीट और मणिपुर, त्रिपुरा तथा जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर मतदान होना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu