
बिश्केक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंच गए हैं। यहां वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और संगठन के कई सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। एयरपोर्ट पर किर्गिस्तान के मंत्रिपरिषद के अध्यक्ष अदिलबेक कासिमालियेव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक किर्गिज नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।
पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से की द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को मजबूत करने और साझा हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान से की द्विपक्षीय वार्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की।
बिश्केक में पीएम मोदी ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में महात्मा गांधी स्मारक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक में विभिन्न समुदायों के लोगों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद किया और उनके अनुभवों को जाना।
SCO सम्मेलन में क्या होगा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सितंबर को SCO के 26वें शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन का विषय ‘SCO के 25 वर्ष: सतत शांति, विकास और समृद्धि की ओर साथ-साथ’ रखा गया है। सम्मेलन में आतंकवाद से मुकाबला, क्षेत्रीय स्थिरता और सीमा-पार सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। राष्ट्राध्यक्षों के सत्र में बिश्केक घोषणा और अन्य दस्तावेजों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
बिश्केक में किन कार्यक्रमों में शामिल होंगे पीएम मोदी?
किर्गिस्तान पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले बिश्केक में ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया‘ से बातचीत करेंगे। इसके बाद वह महात्मा गांधी मेमोरियल पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री ने 2015 में किर्गिस्तान यात्रा के दौरान किया था। पीएम मोदी आज छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। यह आयोजन मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक खेलों को दुनिया के सामने पेश करता है।



