पीएम-किसान के तहत प्रधानमंत्री मोदी ने 16,000 करोड़ रुपये की 13वीं किस्त जारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Feb 2023 08:28 PM
ऑडियो सुनें

बेलगावी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत आठ करोड़ से अधिक लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की 13वीं किस्त जारी की. इस योजना के तहत, पात्र किसान परिवारों को 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों के जरिए प्रति वर्ष 6,000 रुपये प्रदान किए जाते हैं.

कार्यक्रम के दौरान मोदी ने बेलगावी रेलवे स्टेशन की पुर्निवकसित इमारत को भी राष्ट्र को सर्मिपत किया. यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगभग 190 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से रेलवे स्टेशन का पुर्निवकास किया गया है. एक अन्य रेल परियोजना जिसे प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को सर्मिपत किया, वह बेलगावी में लोंडा-बेलगावी-घाटाप्रभा खंड के बीच रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना है.

लगभग 930 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परियोजना व्यस्त मुंबई-पुणे-हुबली-बेंगलुरु रेलवे लाइन की क्षमता में वृद्धि करेगी, जिससे क्षेत्र में व्यापार, वाणिज्य और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. मोदी ने बेलगावी में केंद्र के जल जीवन मिशन के तहत छह बहु-ग्राम योजना परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी. इन्हें लगभग 1,585 करोड़ रुपये की संचयी लागत से विकसित किया जाएगा और इससे 315 से अधिक गांवों में रहने वाले लगभग 8.8 लाख लोग लाभान्वित होंगे.

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, राज्य सरकार के मंत्री और अन्य लोग इस कार्यक्रम में उपस्थित थे. प्रघानमंत्री मोदी कर्नाटक के एक दिवसीय दौरे पर हैं. यहां मई में विधानसभा चुनाव होने हैं. उन्होंने इससे पहले दिन में ग्रीनफील्ड शिवमोगा हवाई अड्डे का उद्घाटन किया.

वर्ष 2019 में मोदी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना का उद्देश्य देश भर में खेती योग्य भूमि वाले सभी भूमिधारक किसान परिवारों को आय सहायता प्रदान करना है. इस योजना के तहत अब तक, 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों, मुख्य रूप से छोटे और सीमांत किसानों को 2.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि वितरित की गई है.

अधिकारियों के अनुसार, कोविड लॉकडाउन के दौरान कठिनाइयों का सामना कर रहे इन किसानों की सहायता के लिए कई किस्तों में 1.75 लाख करोड़ रुपये वितरित किए गए थे. इस योजना से तीन करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों को भी फायदा हुआ है, जिन्हें सामूहिक रूप से 53,600 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि प्राप्त हुई है. इस योजना के तहत 11वीं और 12वीं किस्तें पिछले साल मई और अक्टूबर में दी गई थी.

प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक में किया बड़ा रोड शो
कर्नाटक विधानसभा के आसन्न चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को यहां एक बड़ा रोड शो किया. इस दौरान उनकी एक झलक पाने के लिये बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े. अपनी चलती कार के ‘रंिनग बोर्ड’ पर खड़े होकर मोदी ने सड़कों के किनारे और आस-पास की इमारतों पर जमा भीड़ का अभिवादन किया. इस दौरान लोग ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाते नजर आए.

प्रधानमंत्री कई विकास पहलों की आधारशिला व कई अन्य के लोकार्पण के लिये शहर में थे. इनमें ‘पीएम-किसान सम्मान निधि’ योजना के तहत 16,800 करोड़ रुपये से अधिक की 13वीं किस्त जारी करना शामिल है. केंद्र द्वारा 2019 में शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत, देश के सभी किसान परिवारों को हर चार महीने में 2,000 रुपये की तीन किस्तों में 6,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाती है.

मालिनी सिटी (मंचीय कार्यक्रम स्थल) तक के लगभग साढ़े दस किलोमीटर लंबे रोड शो मार्ग को भगवा रंग, भाजपा के झंडों, पोस्टर व बैनर से सजाया गया था. उनके काफिले के गुजरने के दौरान कई जगहों पर लोगों ने उन पर पुष्पवर्षा भी की. साड़ी और भगवा पेटा (पारंपरिक साफा) में 10,000 से अधिक महिलाओं ने मोदी का ‘पूर्णकुंभ’ (औपचारिक) स्वागत किया. इसके साथ ही रोड शो के दौरान कई जगह सड़क के किनारे बनाए गए मंचों से कलाकारों ने देश के विभिन्न हिस्सों की संस्कृति व परंपराओं तथा ऐतिहासिक विभूतियों पर आधारित प्रस्तुति दी.

भाजपा शासित कर्नाटक में मई में विधानसभा चुनाव होना है. कर्नाटक में 27 विधानसभा क्षेत्रों (अनेकल सहित 28) के साथ बेंगलुरु शहरी सबसे बड़ा जिला है. इसके बाद महाराष्ट्र की सीमा से लगा बेलगावी 18 सीट के साथ राज्य का दूसरा सबसे बड़ा जिला है. भाजपा ने 2018 में बेलगावी में 13 सीट जीती थीं और राज्य में 105 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu