अतीक, अशरफ की हत्या के तीनों आरोपियों की चार दिन की पुलिस हिरासत मंजूर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Apr 2023 06:30 PM
अतीक, अशरफ की हत्या के तीनों आरोपियों की चार दिन की पुलिस हिरासत मंजूर
ऑडियो सुनें

प्रयागराज. गैंगस्टर अतीक अहमद और अशरफ की हत्या के आरोपी लवलेश तिवारी, मोहित उर्फ सनी और अरुण कुमार मौर्य को बुधवार को एक अदालत ने चार दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) में भेजने के आदेश दिए. इन अभियुक्तों को बुधवार की सुबह मुख्य दंडाधिकारी (सीजेएम) डी.के. गौतम की अदालत में पेश किया गया. पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को सात दिन के लिए पुलिस हिरासत में दिए जाने की मांग की थी.

जिला शासकीय अधिवक्ता गुलाब चंद्र अग्रहरि ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अदालत ने आरोपियों को चार दिन के लिए पीसीआर में भेजने के आदेश दिए हैं. उन्होंने बताया कि इन तीनों आरोपियों की पीसीआर 19 अप्रैल, 2023 को दोपहर 2 बजे से 23 अप्रैल, 2023 को शाम पांच बजे तक मंजूर की गई है. अग्रहरि ने बताया कि बुधवार को सुबह भारी सुरक्षा के बीच इन आरोपियों को सीजेएम डी.के. गौतम की अदालत में पेश किया गया और करीब एक घंटे की पेशी के बाद उन्हें यहां से पुलिस अपने साथ ले गई.

उन्होंने बताया कि पेशी के बाद आरोपियों को दौड़ा कर बंदी वाहन तक लाया गया और वाहन में बिठाया गया. अदालत में भारी संख्या में पीएसी, आरएएफ और पुलिस के जवान तैनात थे. किसी भी मीडियाकर्मी को अदालत परिसर में जाने की अनुमति नहीं दी गई.
उल्लेखनीय है कि शनिवार को अतीक अहमद और अशरफ की, उन्हें चिकित्सा जांच के लिए कॉल्विन अस्पताल ले जाते समय इन तीन आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.

घटना के अगले दिन रविवार को शाहगंज थाने में लवलेश तिवारी, मोहित और अरुण कुमार मौर्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता धारा 302, 307 और आयुध अधिनियम की धारा 3,7, 25, 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. रविवार को ही इन आरोपियों को रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया था जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में नैनी जेल भेज दिया गया था. सोमवार को सुरक्षा कारणों से इन अभियुक्तों को प्रतापगढ़ जेल स्थानांतरित कर दिया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu