मंदिर में ‘नमाज अदा’ करने की सूचना पर पुलिस एक व्यक्ति की तलाश में जुटी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 09 Jun 2023 08:36 PM
मंदिर में ‘नमाज अदा’ करने की सूचना पर पुलिस एक व्यक्ति की तलाश में जुटी
ऑडियो सुनें

हापुड़. जिले की हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के श्री चंडी मंदिर में आरती के समय मंदिर परिसर में एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर ‘नमाज अदा’ करने का मामला सामने आया है. अधिकारियों ने यह जानकारी शुक्रवार को दी और कहा कि पुलिस उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है जिसके बारे में लोगों ने दावा किया है कि उसने मंदिर में नमाज अदा की.

सूचना मिलते ही शहर कोतवाल ने मंदिर पहुंचकर पूरी जानकारी ली. पुलिस ने उस व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है जिसके बारे में दावा किया गया है कि उसने मंदिर परिसर में नमाज अदा की. उधर, घटना से क्षुब्ध हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस के मुताबिक, मिली जानकारी के अनुसार हापुड़ के चंडी मार्ग स्थित श्री चंडी मंदिर में शुक्रवार सुबह पांच बजे के आसपास एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से मंदिर में घुसा और परिसर में फर्श पर बैठ गया.

अधिकारियों ने कहा कि मंदिर में सुबह की आरती में मौजूद कुछ महिला श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया है कि वह व्यक्ति मंदिर परिसर में फर्श पर कपड़ा बिछाकर ‘नमाज अदा’ करने लगा जिसका पुजारियों ने विरोध किया. अधिकारियों के मुताबिक बताया जा रहा है कि इस बीच कुछ और लोग मंदिर में पहुंच गये जिन्होंने उस व्यक्ति को मंदिर परिसर से बाहर कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा व पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंदिर पहुंचकर पुजारियों व अन्य से जानकारी ली. मंदिर और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. मंदिर प्रबंधन समिति के नवनीत अग्रवाल ने बताया कि मंदिर प्रांगण में नमाज अदा की गई है. अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu