राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से गृह जिले मयूरभंज के तीन दिवसीय दौरे पर…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 04 May 2023 01:56 PM
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से गृह जिले मयूरभंज के तीन दिवसीय दौरे पर…

ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओडिशा में अपने गृह जिले मयूरभंज का तीन दिवसीय दौरा बृहस्पतिवार को शुरू करेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू पिछले साल जुलाई में राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार रायरंगपुर स्थित अपने घर जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस यात्रा में मुर्मू कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। वह पहाड़पुर गांव में अपने पति और दो बेटों के स्मारक और उनके द्वारा स्थापित एक आवासीय विद्यालय भी जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू के स्वागत के लिए रायरंगपुर और पहाड़पुर में सैकड़ों होर्डिंग्स और बैनर लगाए गए हैं।

राष्ट्रपति बारीपदा में महाराजा श्रीराम चंद्र भांजा देव विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और सिमिलीपाल बाघ अभयारण्य का भ्रमण भी करेंगी। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘यह किसी भी राष्ट्रपति की सिमिलीपाल की पहली यात्रा होगी।’’ वह बाड़ाबंध के पास तिरंगा फहराने के लिए 100 फुट ऊंचे ध्वज स्तंभ का भी उद्घाटन करेंगी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर 100 अधिकारियों के नेतृत्व में करीब 1,500 पुलिसर्किमयों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।

By Nandkishoryadav