
नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माना है कि आबकारी नीति मामला गलत है. उन्होंने कहा कि इस मामले में गिरफ्तार सभी लोगों को रिहा किया जाना चाहिए. एक डिजिटल संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हल्ला मचा रही है कि घोटाला हुआ है. इस मामले में एक जून तक अंतरिम जमानत पर रिहा केजरीवाल ने कहा, ”वे दो साल से चीख रहे हैं कि शराब घोटाला हुआ है और दावा किया जा रहा है कि यह 100 करोड़ रुपये का है, लेकिन एक पैसा भी बरामद नहीं हुआ है.”
उन्होंने कहा, ”कल, एक साक्षात्कार में प्रधानमंत्री से पूछा गया कि केजरीवाल कह रहे हैं कि इस मामले में कोई सबूत नहीं मिला है. इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई पैसा नहीं मिला है, क्योंकि केजरीवाल एक अनुभवी चोर हैं. यानी उन्होंने स्वीकार किया है कि कोई बरामदगी नहीं हुई है.” आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ”इसे छिपाने के लिए उन्होंने कहा कि केजरीवाल ‘अनुभवी चोर’ हैं. यह गलत गिरफ्तारियों को सही साबित करने का एक बहाना है. जब आपने स्वीकार कर लिया है कि आबकारी घोटाले का मामला गलत है, तो कृपया उन लोगों को रिहा कर दें, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है.”



