प्रधानमंत्री मोदी का कांग्रेस पर लगातार हमला करना समझदारी वाला फैसला नहीं: शरद पवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Apr 2024 07:37 PM
प्रधानमंत्री मोदी का कांग्रेस पर लगातार हमला करना समझदारी वाला फैसला नहीं: शरद पवार
ऑडियो सुनें

मुंबई/अमरावती. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से कांग्रेस पर लगातार हमला किया जाना ‘समझदारी वाला फैसला’ नहीं है क्योंकि पार्टी सत्ता में नहीं है. अमरावती में मराठी समाचार चैनल ‘जी 24 तास’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विपक्षी दलों की आलोचना करते रहते हैं, लेकिन भविष्य को लेकर अपनी सरकार या भाजपा की योजनाओं पर चर्चा नहीं करते.

पवार ने कहा, ”कांग्रेस पार्टी कुछ समय से सत्ता में नहीं है. लेकिन मोदी उस पर हमला करते रहते हैं और इसे देश के विकास में बाधा डालने वाली दीवार करार देते हैं. यह एक बुद्धिमानी पूर्ण निर्णय नहीं है. सिर्फ इसलिए कि कुछ दल विपक्ष में हैं इसका मतलब यह नहीं है कि प्रमुख मुद्दों पर उन्हें विश्वास में नहीं लिया जाना चाहिए.” महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस हालिया बयान के बारे में पूछे जाने पर कि वह दो दलों को विभाजित करने के बाद सत्ता में लौटे हैं, जो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और शिवसेना में विभाजन के संदर्भ में था, पवार ने कहा कि वह आभारी हैं कि वरिष्ठ भाजपा नेता ने खुद सच का खुलासा कर दिया.

पवार ने कहा, ”लोगों को लुभाना, ऐसी स्थिति पैदा करना जिससे पार्टी विभाजित हो जाए, फिर इसे बदला लेना घोषित करना या कुछ लोगों को कुछ निर्णय लेने के लिए प्रभावित करना, यह कोई अच्छी रणनीति नहीं है. हमारे जेहन में फडणवीस की छवि थी कि वह एक अच्छे राजनेता हैं, लेकिन अब उनका असली चेहरा सामने आ गया है.”

पूर्व प्रधानमंत्रियों ने नया भारत बनाने के लिए काम किया, मोदी केवल आलोचना करते हैं : शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता शरद पवार ने सोमवार को दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्रियों ने एक नया भारत बनाने के लिए काम किया लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केवल दूसरों की आलोचना करते हैं और यह नहीं बताते हैं कि उनकी सरकार ने पिछले 10 वर्ष में लोगों के लिए क्या किया.

अमरावती में महा विकास आघाडी के उम्मीदवार के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि देश के प्रति पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के योगदान पर सवाल नहीं उठाया जा सकता है. उन्होंने दावा किया कि कुछ भाजपा नेताओं ने संविधान बदलने के बारे में सार्वजनिक तौर पर बात रखी है. उन्होंने लोगों से भारत में तानाशाही न आने देने की अपील की. अमरावती लोकसभा क्षेत्र में दिलचस्प चुनावी मुकाबला देखा जा रहा है जहां कांग्रेस के बलवंत वानखेड़े के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निवर्तमान सांसद नवनीत राणा को प्रत्याशी बनाया है. राणा ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर 2019 का चुनाव लड़ा था और सांसद निर्वाचित हुई थीं.

पवार ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नक्शे कदम पर चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह 2019 के चुनावों में एक उम्मीदवार (नवनीत राणा) का समर्थन करने की ”गलती” के लिए अमरावती के लोगों से माफी मांगने आए हैं.

उन्होंने कहा, ”पिछले चुनावों में मैंने लोगों का समर्थन मांगा था और (राणा को चुनने की) अपील की थी. मैंने जिस उम्मीदवार के लिए अपील की थी, लोगों ने उन्हें जिताया. इस गलती को सुधारने का वक्त आ गया है.” कांग्रेस नेता वानखेड़े शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), राकांपा (एसपी) और कांग्रेस वाले महा विकास आघाडी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं.

पवार ने कहा, ”प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद मैंने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और नरसिम्हा राव से लेकर मनमोहन सिंह तक लगभग सभी प्रधानमंत्रियों की कार्यशैली देखी. उनके प्रयास एक नया भारत बनाने के लिए थे लेकिन निवर्तमान प्रधानमंत्री केवल आलोचना करते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu