ओडिशा में भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर आयोजित समारोह में भाग लेंगे प्रधानमंत्री

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 20 Jun 2025 03:21 PM
ओडिशा में भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर आयोजित समारोह में भाग लेंगे प्रधानमंत्री
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को ओडिशा का दौरा करेंगे जिसमें वह राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार का एक साल पूरा होने के मौके पर आयोजित समारोह में भाग लेंगे और 18,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरूआत करेंगे।

पिछले साल जून में भाजपा द्वारा ओडिशा में सरकार बनाने के बाद से यह प्रधानमंत्री का राज्य का छठा दौरा होगा। मोदी राज्य के लिए एक दृष्टिपत्र और विकास के एक रोडमैप का अनावरण भी कर सकते हैं।
वह यहां जनता मैदान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जहां पिछले साल 12 जून को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पद की शपथ ली थी।

मोदी ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘अगले दो दिन बिहार, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में कार्यक्रमों में भाग लूंगा। ये कार्यक्रम कई क्षेत्रों से संबंधित होंगे। भुवनेश्वर में, मैं राज्य में भाजपा सरकार का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम में भाग लूंगा। पिछले एक साल में, लोगों के लिए सर्वांगीण शासन सुनिश्चित करते हुए कई जन-हितैषी कदम उठाए गए हैं।’’

प्रधानमंत्री आज दोपहर में यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद एक ‘त्रिरंगा यात्रा’ में शामिल होंगे और बाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि जनता मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और उनके रोडशो में करीब दो लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री रेलवे परियोजनाओं सहित 19,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें पेयजल और ंिसचाई, स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा, ग्रामीण सड़कें और पुल तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital