प्रियंका गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को ‘गद्दार’ बताया

भोपाल. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री और अपनी पार्टी के पूर्व सहयोगी ज्योतिरादित्य सिंधिया को ‘गद्दार’ करार दिया. सिंधिया ने मार्च 2020 में कांग्रेस छोड़ दी थी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे. उसके बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार गिर गई. इस संदर्भ में प्रियंका ने दतिया विधानसभा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंधिया पर निशाना साधा.

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर इस बात के तंज किया कि वह हमेशा इस बात की शिकायत करते रहते हैं कि विपक्षी नेता उन्हें कैसे-कैसे नाम से बुलाते हैं. प्रियंका ने कहा,” क्या आप सिंधिया जी को जानते हैं? हमने उत्तर प्रदेश में एक साथ काम किया… हम यूपी के लोग अपनी शिकायत या गुस्सा व्यक्त कर देते हैं… हम सब कुछ बाहर निकाल देते हैं… हमें महाराज बोलने की आदत नहीं है.”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ”क्या है कि वो कद में थोड़े छोटे पड़ गए लेकिन अहंकार में तो भई, वाह भई वाह!” उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनसे कहते थे कि उन्हें अपना काम कराने के लिए सिंधिया को महाराज बोलना पड़ता है और यह उनकी (कार्यकर्ताओं की) आदत नहीं है.

प्रियंका ने सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”उन्होंने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है. विश्वासघात तो बहुतों ने किया है लेकिन इन्होंने ग्वालियर और चंबल की जनता के साथ विश्वासघात किया है. आपकी पीठ में छुरा घोंपा है. बनी-बनाई सरकार को गिरा दिया और वो सरकार आपकी थी, आपने वोट दिया था उसके लिए.” कांग्रेस नेता प्रियंका ने सिंधिया का जिक्र करते हुए कहा, ”एक बात है, मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) लोगों को पहचानने में माहिर हैं. उन्होंने दुनिया भर से गद्दारों और कायरों को इकट्ठा किया और उन्हें अपनी पार्टी में ले लिया.” प्रियंका ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं पर दया आती है जिन्होंने संगठन के लिए कड़ी मेहनत की.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने उन्हें विश्व प्रसिद्ध अभिनेता करार दिया और कहा कि वह बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को मात दे सकते हैं. लेकिन जब भी कोई काम के बारे में बात करता है तो वह असरानी (कॉमेडियन) की तरह व्यवहार करने लगते हैं.

कांग्रेस महासचिव ने दतिया से भाजपा प्रत्याशी और प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पूरे दिन फिल्में देखते हैं कि किसने क्या पहना है? उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी इस बात को दोहराते रहते हैं कि ”उन्होंने मुझे इतनी गालियां दीं.” क्या आपने सलमान खान की फिल्म ‘तेरे नाम’ देखी है जिसमें वह शुरू से आखिर तक रोते रहे थे? उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, ”मैं कहती हूं, आइए मोदी जी पर भी इसी नाम से एक फिल्म बनाएं.” विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन उन्होंने कृषि ऋण माफी, मुफ्त 100 यूनिट बिजली, जाति जनगणना और भर्ती परीक्षाओं के लिए शुल्क माफी सहित अपनी पार्टी के विभिन्न वादों को दोहराया.

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और कृषि सहित हर क्षेत्र खराब स्थिति में है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन यह पूरा नहीं हुआ.कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जब किसानों का कर्ज माफ करने की बात आई तो वे पैसे की कमी का रोना रोने लगे, लेकिन बड़े उद्योगपतियों का हजारों करोड़ का कर्ज माफ किया जा रहा है.

प्रियंका गांधी ने कहा, ”लोग और किसान महंगाई से जूझ रहे हैं लेकिन पहली बार कृषि पर कर लगाया जा रहा है. ट्रैक्टर और उर्वरकों पर जीएसटी लगाया गया है.” उन्होंने सवाल किया कि भाजपा 18 साल तक सत्ता में रही, फिर उसने चुनाव से केवल दो महीने पहले महिलाओं के लिए लाडली बहना योजना क्यों शुरू की. उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े तीन वर्ष में राज्य सरकार द्वारा केवल “21 नौकरियां प्रदान की गईं”.

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि ऋण माफ कर दिया गया है और हर कांग्रेस शासित राज्य में पुरानी पेंशन योजना लागू की जा रही है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पलायन रुक गया है और जो लोग काम की तलाश में गए थे, वे वापस लौट रहे हैं. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी नौकरियां देने वाली बड़ी-बड़ी सरकारी कंपनियां अपने मित्रों को दे रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी पिछले 45 वर्षों में अपने चरम पर है.

सीधी में एक रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि नेता वोट पाने के लिए जाति और धर्म की बात करते हैं, लेकिन लोगों को काम के आधार पर वोट देना चाहिए. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में सरकार बनने पर कांग्रेस पहली ही कैबिनेट बैठक में महिलाओं के लिए 1500 रुपये भत्ते सहित अपने वादों को लागू करने का निर्णय लेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button