प्रियंका गांधी मौसमी हिंदू : राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Jun 2023 08:58 PM
प्रियंका गांधी मौसमी हिंदू : राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्यप्रदेश में नर्मदा नदी की पूजा करने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा को उनका नाम लिए बिना मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें ”मौसमी हिंदू” करार दिया. सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोगों को गुमराह कर रही है, जिन्हें हकीकत समझनी चाहिए.

उन्होंने कहा, ”अब कुछ लोग मौसमी हिंदू बन गए हैं.” सिंह ने कहा, ”अब किसी कार्यक्रम से पहले नर्मदा जी की पूजा की जा रही है. आपको नर्मदा जी का स्मरण पहले क्यों नहीं आया. अब क्यों किया जा रहा है, नर्मदा जी का स्मरण. नर्मदा जी को बचाने का काम अगर किसी ने किया है तो वो आपके लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं.” कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे हनुमान की गदा लेकर जनसभा कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, ”पहले राम व हनुमान का नाम लेते ही लगता था कि इनके ऊपर पहाड़ टूट पड़ा है. आंख बचाकर राम व हनुमान का नाम लेते थे. क्यों ऐसा होता था. यह वही कांग्रेस है जिसने अयोध्या में राम मंदिर बनाने का संकल्प लेने का विरोध किया था. हमें चार सरकारें कुर्बान करनी पड़ीं…. अब ये हनुमान की गदा लेकर जनता को गुमराह करने आए हैं लेकिन आप हकीकत समझना.” प्रियंका गांधी ने सोमवार को प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जबलपुर में हिंदुओं द्वारा पवित्र मानी जाने वाली नर्मदा नदी में पूजा अर्चना कर प्रचार अभियान की शुरुआत की. उनकी जनसभा के स्थान पर कांग्रेस द्वारा भगवान हनुमान की गदा की प्रतिकृति भी स्थापित की गई थी.

उन्होंने कहा कि भाजपा के वादे के अनुरूप अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है और जानकारी के मुताबिक अगले साल 22 जनवरी को रामलला वहां स्थापित होंगे. उन्होंने कहा कि जहां भगवान राम हैं वहां हनुमान की गदा मौजूद है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मप्र में पिछले विधानसभा चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है. अब वे नए सिरे से पांच ‘गारंटी’ का आश्वासन दे रहे हैं.

रक्षा मंत्री ने कहा, ” उन्होंने (कांग्रेस) किसानों के कर्ज माफ करने की पहली गारंटी भी पूरी नहीं की.” उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में ताकतवर हो गया है और कोई हमें चुनौती देने की हिम्मत नहीं कर सकता. नियंत्रण रेखा से पार 2016 की र्सिजकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”पाकिस्तान के आतंकवादियों ने भारत की धरती पर हमला किया था. हमले के बाद हमारे प्रधानमंत्री ने हमें फोन किया और 10 मिनट में फैसला किया. इसके बाद सेना के जवान पाकिस्तान की धरती पर गए और आतंकवादियों को खत्म करने में सफल रहे.”

सिंह ने कहा, ”हमने पूरी दुनिया को संदेश दिया है कि भारत अब कमजोर भारत नहीं है. हमारे भीतर वह शक्ति है कि हम इस तरफ भी मार सकते हैं और जरूरत पड़ने पर दूसरी तरफ जाकर भी मार सकते हैं.” उन्होंने कहा कि भारत ने न तो दुनिया के किसी देश पर हमला किया है और न ही किसी देश की एक इंच जमीन पर कब्जा किया है, जो भारत के चरित्र को परिभाषित करता है.

सिंह ने कहा, “भारत का यह चरित्र इसलिए है क्योंकि हम सीमा के दूसरी तरफ रहने वाले लोगों को भी वसुधैव कुटुम्बकम के तहत अपने परिवार का सदस्य मानते हैं. हम किसी पर हमला नहीं करते हैं. हम किसी को छेड़ते नहीं लेकिन कोई हमें छेड़ेगा तो उसे छोड़ते भी नहीं हैं.” इस अवसर पर, सिंह ने ‘मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना’ के तहत 70 लाख लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में कुल 1,400 करोड़ रुपये तथा 2,000 रुपये प्रति किसान की राशि हस्तांतरित की.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने वादा किया था कि राज्य सरकार उन किसानों के कृषि ऋण पर अर्जित ब्याज जमा करेगी, जिन्होंने ऋण नहीं चुकाया क्योंकि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उनके ऋण को माफ करने का वादा किया था. ऐसे किसानों को रक्षा मंत्री द्वारा ब्याज के रूप में 2,123 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई. सिंह ने लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में फसल बीमा के 2,900 करोड़ रुपये भी हस्तांतरित किए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu