कर्नाटक में प्रियंका गांधी का भाजपा पर वार- मेरी मां ने देश के लिए अपने मंगलसूत्र का बलिदान किया…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 24 Apr 2024 01:24 PM
कर्नाटक में प्रियंका गांधी का भाजपा पर वार- मेरी मां ने देश के लिए अपने मंगलसूत्र का बलिदान किया…
ऑडियो सुनें

कर्नाटक: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश के सबसे बड़े नेता ने नैतिकता को त्याग दिया है। वह लोगों के सामने ड्रामा करते हैं और सच्चाई के रास्ते पर नहीं चलते हैं।उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाकर, उनके बैंक खाते सीज करके और दो मुख्यमंत्रियों को जेल में डालकर विपक्ष को कमजोर करने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कर्नाटक के मतदाताओं से अपील की कि वह नफरत भरे भाषणों से उकसावे में नहीं आएं और मतदान करने से पहले दो बार जरूर सोचें।

प्रियंका गांधी ने मंगलवार को कर्नाटक के चित्रदुर्ग के मुख्यालय में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय था जब लोग उम्मीद करते थे कि एक नेता खड़ा होगा तो नीतियों पर चलने वाला होगा। देश के लोग उससे नैतिकता की उम्मीद करते थे, लेकिन आज देश का सबसे बड़ा नेता नीतियों का परित्याग कर दिया है और आपके सामने केवल नाटक करता है।

उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म राजनीतिक मूल्यों को बताते हुए सेवा और सच्चाई के मार्ग पर चलने का संदेश देता है। भगवान राम ने भी यही संदेश दिया था।महात्मा गांधी और सभी दलों के विभिन्न प्रधानमंत्रियों ने भी इन्हीं सिद्धांतों का पालन किया था। लेकिन अब ऐसा कहीं देखने को नहीं मिलता है। उन्होंने चुनावी बांड की योजना को रद किए जाने के संबंध में गंभीर आरोप लगाते हए कहा कि जिन कंपनियों पर छापे मारे गए उन्होंने भाजपा को चंदा दिया। उसके बाद उनके खिलाफ चल रहे मामले बंद कर दिए गए।

अब साफ हो रहा है कि नोटबंदी के दौरान किस तरह से काले धन को सफेद किया गया था और उसके बाद उसे भाजपा के खाते में जमा कर दिया गया।प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस के बैंक खाते को सीज कर दिया गया है और दो मुख्यमंत्रियों को भी जेल में भेज दिया गया है। विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए उनके खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि अगर भाजपा को 400 सीटें मिल गईं तो वह संविधान बदल देंगे। अगर वह संविधान बदलने की बात कर रहे हैं तो वह आपका जीवन बदलने की बात कर रहे हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav