जनता की सशक्त आवाज बनेंगी प्रियंका: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Nov 2024 08:09 PM
जनता की सशक्त आवाज बनेंगी प्रियंका: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका गांधी वाद्रा के लोकसभा की सदस्यता की शपथ लेने के बाद उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उम्मीद जताई कि वह सदन में जनता की सशक्त आवाज बनेंगी. केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को निचले सदन की सदस्यता की शपथ ली. शपथ के बाद उन्होंने कहा कि जनता के जरूरी मुद्दों को उठाना, देश और पार्टी के लिए काम करना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी तथा वह संविधान के उसूलों के लिए लड़ाई लड़ेंगी. उनकी शपथ के बाद सोनिया गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि उन्हें प्रियंका गांधी पर गर्व है.

खरगे ने प्रियंका गांधी के साथ तस्वीर साझा करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”मुझे पूरा विश्वास है कि प्रियंका गांधी संसद में देश के लोगों की, ख.ासकर महिलाओं की सशक्त आवाज बनेंगी. उनका कुशल नेतृत्व, करुणा, साहस, शालीनता और दृढ़ संकल्प तथा संविधान के सिद्धांतों के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता देश की जनता को लाभ पहुंचाएगी.” राहुल गांधी ने अपने व्हाट्सएप चैनल पर एक पोस्ट में कहा, ”बहुत खुशी, बहुत गर्व, वायनाड की नई सांसद, मेरी बहन प्रियंका.” प्रियंका गांधी के प्रति रॉबर्ट वाद्रा ने कहा, ”हम बहुत खुश हैं.” कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और पार्टी के कई नेताओं ने प्रियंका गांधी को शुभकामनाएं दीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu