जम्मू/श्रीनगर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपनी ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने से पहले पिछले 70 वर्षों के दौरान क्षेत्र में ‘‘उनके परिवार और पार्टी द्वारा किए गए पापों’’ के लिए देश, खासकर इस केंद्र शासित प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए.
भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आतंकवाद का समर्थन करने वाले दलों के प्रति सहानुभूति रखती है. उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही ‘‘वास्तव में देश को एकजुट किया.’’ रैना ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘गांधी परिवार और कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के संबंध में ऐतिहासिक भूल की है और वे (कश्मीर घाटी में) आतंकवाद जारी रहने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं, जिससे हजारों लोगों की जान चली गई है.’’
उन्होंने कहा कि यात्रा के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश से पहले राहुल गांधी को जनता से माफी मांगनी चाहिए. भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस द्वारा किए गए अत्याचारों को भुलाया नहीं जा सकता है. इसकी गलत नीतियों के खिलाफ अभियान चलाने वाले राष्ट्रवादियों को उन्होंने कैसे अपमानित किया और जेल में डाला, इसकी एक लंबी सूची है.’’ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह भी जवाब देना चाहिए कि 1947 में देश का बंटवारा क्यों हुआ.
‘कांग्रेस को चौधरी लाल ंिसह को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं देनी चाहिए’
नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस को कठुआ बलात्कार और हत्या मामले में बलात्कारियों का कथित तौर पर समर्थन करने वाले पूर्व मंत्री चौधरी लाल ंिसह को ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ में भाग लेने की अनुमति नहीं देनी चाहिए.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी. अब्दुल्ला ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस को इस बात पर गौर करना होगा कि कुछ लोग यात्रा का इस्तेमाल अपने अतीत के ‘‘दागों’’ को धोने के लिए कर सकते हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘हम उन नेताओं की भूमिका को नहीं भूले हैं जिन्होंने बलात्कारी को बचाने की कोशिश की. उन्होंने जिस तरह से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई, वह किसी से छिपी नहीं है.’’ पूर्व मुख्यमंत्री इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या कांग्रेस को पीडीपी-भाजपा सरकार में मंत्री रहने के दौरान बलात्कार के आरोपियों के समर्थन में उतरे ंिसह जैसे नेताओं की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ में भागीदारी की अनुमति देनी चाहिए.
अन्य मुद्दों पर अब्दुल्ला ने कहा कि रोशनी योजना के तहत लोगों को मुहैया कराई गई जमीन वापस लेना उनके साथ बड़ा ‘‘विश्वासघात’’ होगा. विपक्षी दलों ने राज्य की भूमि से अतिक्रमणकारियों को बेदखल करने के संबंध में जम्मू-कश्मीर प्रशासन के हालिया आदेश का विरोध किया है, जिसमें रोशनी योजना के तहत दी गई भूमि भी शामिल है. उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘सरकार को इस फैसले की समीक्षा करनी चाहिए.’’