श्रीनगर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने जम्मू कश्मीर के गांदेरबल जिले में मंगलवार को प्रसिद्ध खीर भवानी मंदिर में दर्शन किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राहुल-प्रियंका श्रीनगर से 28 किलोमीटर दूर मध्य कश्मीर के जिले में तुल्लामुला इलाके में स्थित मंदिर पहुंचे।
अधिकारियों ने कहा कि दोनों भाई-बहन ने माता खीर भवानी के नाम से प्रसिद्ध राज्ञा देवी के मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के अन्य नेता भी थे। इस मंदिर की कश्मीर पंडितों में काफी मान्यता है, जिनका मानना है कि मंदिर के नीचे मौजूद कुंड के पानी का रंग घाटी में मौजूदा स्थिति का संकेत देता है। कुंड के पानी के अधिकतर रंग का कोई विशेष महत्व नहीं होता है लेकिन पानी का रंग काला या गहरा हो जाना कश्मीर के लिए बुरे समय का संकेत माना जाता है।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समाप्त होने के बाद राहुल और प्रियंका के बीच ‘शीन जंग’ हुई
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा ने जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया और इस दौरान दोनों बहन-भाई के बीच ‘शीन जंग’ हुई. कश्मीरी में बर्फ को ‘शीन’ कहते हैं और खेलते हुए एक-दूसरे पर बर्फ फेंकने को ‘शीन जंग’ कहते हैं.
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समापन के बाद यहां राहुल और प्रियंका ने ‘शीन जंग’, हाथ मिलाना, गर्मजोशी से गले मिलना और बर्फ में फंसी कार को धक्का देने के लिए मदद का हाथ बढ़ाना जैसे प्यारे पलों के साथ मौज-मस्ती की. दोनों नेताओं ने यहां डल झील के किनारे टहलकर भी कुछ खुशनुमा क्षण बिताये. पांच महीने और 4000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा का श्रीनगर में समापन हुआ. श्रीनगर में सोमवार को जमकर बर्फबारी हुई और यह क्षेत्र बर्फ की एक मोटी सफेद चादर से ढका हुआ लग रहा था.
दोनों ने ‘शीन जंग’ की. राहुल और प्रियंका दोनों ने बर्फ के गोले बनाकर एक दूसरे पर फेंके. बाद में शाम को प्रसिद्ध डल झील के किनारे टहलते हुए उन्होंने बर्फ और झील की तस्वीरें लीं और लोगों का अभिवादन किया. राहुल गांधी के यूट्यूब चैनल पर ‘स्रो फाइट्स एंड ए वॉक बाई द डल लेक विद प्रियंका’ शीर्षक से एक मिनट से भी कम समय का एक वीडियो मंगलवार सुबह अपलोड किया गया, जिसमें यात्रा की समाप्ति के बाद भारी बर्फबारी के बीच दिन में दोनों नेताओं के इन खुशनुमा पलों को देखा जा सकता है.
पोस्ट किए जाने के बाद से वीडियो को 32,000 से अधिक बार देखा जा चुका है. दोनों नेताओं को 58-सेकंड के इस वीडियो में वहां से गुजरने वाले लोगों के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है. उन्होंने झील की तस्वीरें भी लीं. इसी दौरान, एक स्थानीय व्यक्ति ने अपनी कार रोकी और गांधी से हाथ मिलाने और गले लगाने का अनुरोध किया. हालांकि, अज्ञात व्यक्ति को गांधी की सुरक्षा टीम ने रोक दिया था, लेकिन गांधी ने इस व्यक्ति के अनुरोध को मानने के लिए कहा और इसके बाद उन्होंने उस व्यक्ति से हाथ मिलाया और बड़ी गर्मजोशी से उसे गले लगाया.