
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में स्थित मंगल कार्बन प्लांट में पांच फरवरी को टायर गलाने के दौरान हुए फर्नेस विस्फोट में झुलसी नौ माह की मासूम बच्ची भूमि खड़िया की इलाज के दौरान राजधानी रायपुर के कल्दा बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में मौत हो गई। इस हादसे में कुल आठ लोग झुलसे थे। जिनमें से सात को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया था। एक रायगढ़ में भर्ती है।
मासूम बच्ची भूमि खड़िया की मौत के बाद अब भी छह अन्य घायल अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। कई घायलों को सांस लेने में तकलीफ होने के कारण वेंटिलेटर पर रखा गया है। साहेब लाल खड़िया और शिव खड़िया 80-90 प्रतिशत झुलस गए हैं, जबकि कौशल, इंदीवर और प्रिया भी गंभीर रूप से झुलसे हैं। उदाशिनी खड़िया 30-40 प्रतिशत झुलसी हैं।
इन घायलों का चल रहा इलाज
साहेब लाल खड़िया (45 वर्ष) 80-90 प्रतिशत झुलसे
शिव खड़िया (27 वर्ष) 80-90 प्रतिशत झुलसे
उदाशिनी खड़िया (25 वर्ष) 30-40 प्रतिशत झुलसे
कौशल (25 वर्ष) 70-80 प्रतिशत झुलसे
इंदीवर (19 वर्ष) 80-90 प्रतिशत झुलसे
प्रिया (32 वर्ष) 70-80 प्रतिशत झुलसे
इस दुखद घटना के बाद सामाजिक संगठनों ने पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता की मांग की है। साथ ही, सभी घायलों के इलाज का संपूर्ण खर्च प्लांट प्रबंधन से वसूलने, एफआईआर वापस लेने और बयान बदलने के दबाव की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी प्लांट प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पीड़ित परिवारों को सुरक्षा प्रदान करने की भी अपील की गई है।



