रायपुर: दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले ‘नेक इंसान’ हुए सम्मानित, उनके होर्डिंग भी लगाए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Mar 2024 07:00 PM
रायपुर: दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले ‘नेक इंसान’ हुए सम्मानित, उनके होर्डिंग भी लगाए

ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले की पुलिस ने दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने के लिए लोगों को प्रेरित करने के वास्ते शहर के चौराहों पर ‘नेक इंसानों’ के फोटो के साथ होर्डिंग लगाए हैं. ये ‘नेक इंसान’ वे हैं जिन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद कर उनकी जान बचाई.

रायपुर शहर के जिलाधिकारी कार्यालय के सामने चौराहे पर लगे होर्डिंग में लिखा गया है, ” भीड़ का हिस्सा न बनें, घायलों की मदद कर नेक इंसान बनें.” होर्डिंग में रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संतोष सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ छह लोगों के फोटो लगे हैं जिन्होंने सड़क दुर्घटना में लोगों की मदद कर उनकी जान बचाई थी. शहर में अन्य जगहों पर भी इसी तरह के होर्डिंग लगाए गए हैं.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसएसपी ने जिले की यातायात पुलिस को सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और दुर्घटना में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने वाले ‘नेक इंसान’ की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित तथा पुरस्कृत करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों ने बताया कि इसी क्रम में सिंह ने पिछले दिनों घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने वाले छह ‘नेक इंसानों’ को सम्मानित किया.

एसएसपी संतोष सिंह ने कहा, ” देश में प्रति वर्ष सड़क दुर्घटना में लगभग डेढ़ लाख लोग जान गंवा देते हैं, जिसका प्रमुख कारण घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं होना है.” उन्होंने कहा, ” सड़क दुर्घटना के दौरान प्रथम तीस मिनट अति महत्वपूर्ण होते हैं. इस दौरान यदि घायल को किसी भी प्रकार से अस्पताल तक पहुंचा दिया जाता है या फिर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कर दी जाती है तो उसकी जान बचाई जा सकती है.”

सिंह ने कहा, ” देखा गया है कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में लोग मोबाइल से विडियो या फोटो लेने लग जाते हैं, लेकिन घायल को बचाने के लिए कोई आगे नहीं आता. साथ ही बार-बार पेशी पर जाना पड़ेगा या परेशानी होगी यह सोचकर भी मदद नहीं करते, जिससे घायल व्यक्ति त्वरित उपचार के अभाव में दम तोड़ देता है.”

उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि थाना क्षेत्र में घटित सड़क दुर्घटना में घायल को त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए ‘नेक इंसान’ सम्मान योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें और ऐसे लोगों को प्रोत्साहित तथा पुरस्कृत करें. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होर्डिंग में जिन ‘नेक इंसानों’ के फोटो लगाए गए हैं उनमें दशरथ साहू, खिलेश्वर महंत, कार्तिक कुमार निर्मलकर, रविकुमार साहू, गोविंदा साहनी और पार्थ वैष्णव शामिल हैं.

By Yogesh Kumar Sahu