भारत में ‘राम राज्य’ की शुरुआत हो गई है, इसे कोई नहीं रोक सकता : राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Apr 2024 08:19 PM
भारत में ‘राम राज्य’ की शुरुआत हो गई है, इसे कोई नहीं रोक सकता : राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

कठुआ. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि ‘राम राज्य’ ने देश में जड़ें जमानी शुरू कर दी है और कोई भी इसे साकार होने से कोई नहीं रोक सकता. केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र सिंह के समर्थन में कठुआ के बसोहली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अनुच्छेद-370 को निरस्त करना, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लागू करने जैसे वादे पार्टी द्वारा पूरे किए जाने का जिक्र किया.

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश के लिए राजनीति कर रही है, जिसने जनता और नेताओं के बीच विश्वास की कमी के कारण पैदा हुई बड़ी मुश्किल से देश को बाहर निकाला है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सिंह ने लोगों को आश्वस्त किया कि सीएए लागू होने के बाद किसी भी भारतीय नागरिक की नागरिकता समाप्त नहीं होगी. उन्होंने साथ ही कहा कि भाजपा अगले पांच वर्षों में पार्टी घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने का अपना वादा निभाएगी.

उन्होंने तीन तलाक (तलाक ए बिद्दत) पर रोक का उल्लेख करते हुए कहा, ”चाहे हम सरकार बनाएं या न बनाएं, महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर हमला हमें स्वीकार्य नहीं है.” सिंह ने कहा, ”मुझे लग रहा है कि देश में राम राज्य की स्थापना शुरू हो गई है और इसे साकार होने से कोई नहीं रोक सकता. राम राज्य का अर्थ है कि लोगों को अपने कर्तव्यों के प्रति बोध और जागरूकता हो. समस्या तब होती है जब लोगों में अधिकार की भावना होने लगती है.” कठुआ जिला उधमपुर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है जहां पर सात चरणीय लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा.
वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि देश में ऐसी स्थिति बन रही है जहां लोग अपने कर्तव्यों को समझ रहे हैं. उन्होंने कहा, ”जब सरकार में बैठे लोग जिम्मेदारी से अपना कर्तव्य निभाएंगे तो धीरे-धीरे लोगों में भी जागरूकता आएगी. हम सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश के लिए राजनीति कर रहे हैं.” रक्षामंत्री ने उधमपुर सीट से जितेंद्र सिंह की लगातार तीसरी बार भारी अंतर से जीत का भरोसा जताते हुए लोगों से अपील की कि वे भारतीय जनसंघ से लेकर अबतक के पार्टी के घोषणापत्रों को पढ.ें और यह देखें कि ”हमने अपने सभी वादे पूरे किए हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu