रश्मिका मंदाना ने डीपफेक वीडियो बनाने वाले को गिरफ्तार करने पर दिल्ली पुलिस का आभार किया व्यक्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Jan 2024 06:57 PM
रश्मिका मंदाना ने डीपफेक वीडियो बनाने वाले को गिरफ्तार करने पर दिल्ली पुलिस का आभार किया व्यक्त
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने उनका डीपफेक वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस का आभार जताया है. पुलिस ने अभिनेत्री के डीपफेक वीडियो के सिलसिले में आंध्र प्रदेश से एक बी-टेक स्नातक को गिरफ्तार किया था. मंदाना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था.

आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के गुंटूर के रहने वाले 23 वर्षीय ईमानी नवीन के रूप में हुई, जिसने ब्रिटिश-भारतीय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर जारा पटेल के वीडियो पर कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग कर मंदाना का चेहरा लगाया था. रश्मिका ने शनिवार को ‘एक्स’ पर दिल्ली पुलिस की साइबर अपराध इकाई को टैग करते हुए यह पोस्ट लिखा.

सत्ताइस वर्षीय अभिनेत्री ने लिखा, ”डीसीपी आईएफएसओ (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस) का हार्दिक आभार. आरोपी को पकड़ने के लिए धन्यवाद. अपना प्यार, समर्थन देने और मेरा बचाव करने के लिए वास्तव में सभी की आभारी महसूस कर रही हूं.” मंदाना ने अपने पोस्ट में कहा, ”लड़कियों और लड़कों अगर आपकी सहमति के बिना कहीं भी आपकी तस्वीर का उपयोग होता है या फिर उससे छेड़छाड़ की जाती है तो यह बिल्कुल गलत है. उम्मीद करती हूं कि यह याद दिलाएगा कि आप ऐसे लोगों से घिरे हुए हैं, जो आपका समर्थन करेंगे हैं और कार्रवाई करेंगे.” एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने इंस्टाग्राम पर अपने फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाने के लिए यह वीडियो बनाया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu