मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद ‘असली जादू’ हुआ कि अडाणी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर बन गए: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Feb 2023 06:52 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अडाणी समूह से जुड़े मामले का हवाला देते हुए मंगलवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि 2014 में मोदी के दिल्ली के आने के बाद ऐसा ‘असली जादू’ हुआ कि आठ वर्षों के भीतर उद्योगपति गौतम अडाणी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए.

उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए यह दावा भी किया कि मौजूदा सरकार के दौरान नियम बदलकर हवाई अड्डों के ठेके अडाणी समूह को दिए गए तथा प्रधानमंत्री के विदेश दौरों के बाद दूसरे देशों में भी इस उद्योगपति को कई व्यावसायिक ठेके मिले.

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से सवाल किया, ‘‘अडाणी जी आपके साथ कितनी बार विदेश गए? आपके विदेश जाने के बाद अडाणी जी कितनी बार वह देश गए? कितनी बार ऐसा हुआ कि किसी देश में आपके दौरे के बाद अडाणी को ठेका मिला? अडाणी जी ने पिछले 20 साल में भाजपा को कितना पैसा दिया? चुनावी बॉन्ड में कितना पैसा दिया?’’ सदन में राहुल गांधी के वक्तव्य के दौरान केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू और भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस नेता को लोकसभा में ‘तथ्यहीन आरोप’ नहीं लगाने चाहिए.

राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री जब 2014 में दिल्ली आते हैं तो असली जादू शुरू होता है. 2014 में अडाणी अमीरों की सूची में 609वें नंबर पर थे, फिर आठ वर्षों में वह दूसरे स्थान पर आ गए.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि नियम बदलकर अडाणी को छह हवाई अड्डे दिए गए.

उन्होंने दावा किया कि जांच एजेंसी का दुरुपयोग करके मुंबई हवाई अड्डा अडाणी के हाथों में दे दिया गया. इस पर हस्तक्षेप करते हुए रीजीजू ने कहा, ‘‘बिना तथ्य के आरोप लगाने का कोई मतलब नहीं है. अगर आरोप लगा रहे हैं तो दस्तावेज रखना पड़ेगा.’’ राहुल गांधी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी आॅस्ट्रेलिया जाते हैं और वहां एक ठेका मिलता है जिस पर स्टेट बैंक से अडाणी समूह को एक अरब डॉलर का कर्ज दिया जाता है. प्रधानमंत्री बांग्लादेश जाते है और कुछ दिनों बाद बांग्लादेश का 1500 मेगावाट बिजली का ठेका अडाणी समूह को मिल जाता है.’’ उन्होंने दावा किया कि यह हिंदुस्तान की विदेश नीति नहीं है, यह ‘‘अडाणी जी की विदेश नीति’’ है.

सत्तापक्ष के सदस्यों की टोका-टोकी के बीच कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री और देश की सरकार की मदद से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का हजारों करोड़ रुपये अडाणी जी को मिलता है.’’ उनका कहना था, ‘‘हिंडनबर्ग रिपोर्ट में कहा गया है कि अडाणी जी की विदेश में सेल कंपनियां हैं. इन सेल कंपनियों से भारत में जो पैसा आ रहा है, वह किसका है?’’ राहुल गांधी ने कहा, ‘‘यह पता लगाना देश की सरकार की जिम्मेदारी है कि ये सेल कंपनियां किसकी हैं और जो पैसा आ रहा है वह किसका है?’’ कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री और अडाणी की एक तस्वीर दिखाई जिस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन में यह न दिखाएं.

कांग्रेस नेता ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘पहले मोदी जी अडाणी के विमान में घूमते थे और अब अडाणी जी प्रधानमंत्री जी के जहाज में घूमते हैं.’’ उन्होंने यह भी तंज भी कसा, ‘‘हार्वर्ड (अमेरिकी संस्थान) को अध्ययन करना चाहिए कि राजनीति और कारोबार का क्या रिश्ता होता है? नरेन्द्र मोदी जी को इसमें स्वर्ण पदक मिलेगा.’’ राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि ‘अग्निपथ’ योजना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और गृह मंत्रालय द्वारा लाई गई है और इसे सेना पर थोपा गया है. उन्होंने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के अनुभव का उल्लेख किया और कहा कि उन्हें इस दौरान जनता की आवाज को बहुत गहराई से सुनने का मौका मिला.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu