ओडिशा के मंत्री की हत्या से जुड़े मामले में जांच की निगरानी सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे: अधिकारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Feb 2023 09:53 PM
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. उड़ीसा उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की हत्या के सिलसिले में पुलिस की अपराध शाखा की ओर से की जा रही जांच की निगरानी करेंगे. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. राज्य के गृह विभाग ने पहले उड़ीसा उच्च न्यायालय से पुलिस की अपराध शाखा द्वारा की जा रही जांच की निगरानी के लिए एक न्यायाधीश का नाम देने का अनुरोध किया था.

गृह विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच की मांग के मद्देनजर प्रशासन ने उच्च न्यायालय से “जांच में पारर्दिशता बनाए रखने” का अनुरोध किया था. पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को सुझाव दिया कि वह जांच की निगरानी के लिए न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जे पी दास को नियुक्त करे. ’’ गौरतलब है कि 29 जनवरी को झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर इलाके के गांधी चौक में एक पुलिसकर्मी ने स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास को गोली मार दी थी, जिसके कुछ ही घंटे के बाद उनकी मौत हो गयी थी.

मृत मंत्री के निजी सुरक्षा अधिकारी को निलंबित किया गया

ओडिशा पुलिस ने बुधवार को दिवंगत मंत्री नब किशोर दास के निजी सुरक्षा अधिकारी को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया. वहीं, ब्रजराजनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रद्युम्न कुमार स्वैन और गांधी उत्तर पुलिस चौकी प्रभारी शशिभूषण पोधा का तबादला कर दिया गया है.

मंत्री की हत्या के बाद राज्य सरकार ने मंगलवार को झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक और ब्रजराजनगर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी का तबादला कर दिया था. गत 29 जनवरी की शाम झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर क्षेत्र के गांधी उत्तर में एक पुलिसकर्मी द्वारा गोली मारे जाने के कुछ घंटों बाद 60 वर्षीय दास का निधन हो गया था.

घटनाक्रम को लेकर एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मारे गए मंत्री नब किशोर दास के निजी सुरक्षा अधिकारी मित्रभानु देव को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है.’’ अधिकारी ने कहा, ‘‘जब आरोपी पुलिसकर्मी ने दास पर गोलियां चलाईं तो देव ड्यूटी पर थे. सुरक्षा अधिकारी ने तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और वीवीआईपी के दौरे के दौरान मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करने में भी विफल रहे.’’ दास के निजी सुरक्षा अधिकारी से राज्य पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने मंगलवार को पूछताछ की थी.

अधिकारी ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कराने वाले और मंत्री की हत्या के मामले में शिकायतकर्ता स्वैन को संबलपुर जिला पुलिस मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया, जबकि पोधा को पास के सोनपुर जिला पुलिस मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है.
झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक राहुल जैन को कटक में राज्य पुलिस मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है.

ब्रजराजनगर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी गुप्तेश्वर भोई को भी राज्य पुलिस मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है. पूर्व स्वास्थ्य मंत्री की हत्या को लेकर नवीन पटनायक सरकार पर विपक्षी दलों के हमले के बीच पुलिसर्किमयों का निलंबन और तबादला किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu