राजद ने समान नागरिक संहिता पर टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Jun 2023 09:24 PM
राजद ने समान नागरिक संहिता पर टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर मध्य प्रदेश में की गई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टिप्पणी को लेकर उन पर प्रहार करते हुए मंगलवार को कहा कि उन्हें इस तरह के मुद्दे को ”एक विशेष वर्ग को समझ में आनी वाली कूट भाषा में संदेश देने की राजनीति” का उपकरण नहीं बनाना चाहिए.

राजद प्रवक्ता एवं राज्य सभा सदस्य मनोज झा का यह बयान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा यह कहे जाने के बाद आया है कि उच्चतम न्यायालय ने भी समान नागरिक संहिता का समर्थन किया है, लेकिन वोट बैंक की राजनीति करने वाले इसका विरोध कर रहे हैं.
मोदी मंगलवार को भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने इस दौरान समान नागरिक संहिता की चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय मुसलमानों को यह समझना होगा कि कौन से राजनीतिक दल उन्हें भड़काकर उनका फायदा उठा रहे हैं.

उन्होंने कहा, ”हम देख रहे हैं कि समान नागरिक संहिता के नाम पर लोगों को भड़काने का काम हो रहा है. एक घर में परिवार के एक सदस्य के लिए एक कानून हो, दूसरे के लिए दूसरा, तो क्या वह परिवार चल पाएगा? फिर ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा?” उनकी टिप्पणी पर राजद प्रवक्ता झा ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को सुनकर ऐसा लगता है कि वह एक विशेष वर्ग को समझ में आने वाली कूट भाषा में संदेश देने के लिए अवसर ढूंढते रहते हैं.

झा ने कहा, ”मेरे लिए उन्हें यह बताना महत्वपूर्ण है कि यह कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे आप हिंदू-मुस्लिम मुद्दा बना दीजिएगा, इसमें हमारे आदिवासी समाज के रीति-रिवाज शामिल हैं. इसमें हिंदू विवाह धार्मिक रस्म, इस्लामी विवाह समझौता जैसे अन्य मुद्दे भी हैं…उनका क्या किया जाएगा.” उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म के अंदर जो विविधता और बहुलवाद है, उसे एक ही झटके में कैसे खत्म किया जा सकता है.

राजद नेता ने कहा, ”हमारी आपसे (प्रधानमंत्री से) यह अपेक्षा है कि इस तरह के मुद्दों को एक विशेष वर्ग को समझ में आने वाली कूट भाषा में संदेश भेजने की राजनीति का उपकरण नहीं बनाइए. विशद चर्चा करिये, अन्यथा यह लगेगा कि आप अपनी विदेश यात्रा पर वसुधैव कुटुंबकम की बात करते हैं और यहां आकर भूल जाते हैं.” घोटालों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गारंटी दिये जाने संबंधी प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर झा ने कहा, ”वह जिस स्थान से गारंटी दे रहे हैं, वह 50 फीसदी भ्रष्टाचार की जगह है. वह भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हाल में कर्नाटक विधानसभा चुनाव हारे हैं.” राजद नेता ने प्रधानमंत्री पर तंज करते हुए कहा, ”पटना बैठक के बाद आपके चेहरे पर डर झलक रहा है, जो समझा जा सकता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu