रूस का कीव समेत यूक्रेन के कई शहरों पर हमला, कई की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Oct 2022 09:00 PM
रूस का कीव समेत यूक्रेन के कई शहरों पर हमला, कई की मौत
ऑडियो सुनें

कीव. रूस ने सोमवार को यूक्रेन की राजधानी कीव समेत उसके कई शहरों को मिसाइल हमलों के जरिये निशाना बनाया और इस दौरान उसने रिहायशी इलाकों को भी नहीं बख्शा. राजधानी कीव में हमलों में कम से कम छह लोगों की जान गई तथा सड़कों पर जली हुई गाड़ियों और हमले में बर्बाद हुई इमारतों का मलबा बिखरा नजर आया.

पुलिस ने कहा कि यूक्रेन के कई इलाकों में सुबह हुए हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई जबकि करीब 60 अन्य घायल हुए.
देश की आपातकालीन सेवा ने कहा कि नौ लोगों की मौत हुई है. हताहतों की परस्पर विरोधी संख्या का तत्काल मिलान नहीं किया जा सका. रूसी सेना ने 24 फरवरी को पड़ोसी यूक्रेन पर हमले शुरू किए थे. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन पर हमले मास्को नियंत्रित क्रीमिया प्रायद्वीप के एक पुल पर हमले समेत कीव की ‘‘आतंकवादी’’ कार्रवाई के जवाब में किए गए.

उन्होंने चेतावनी दी कि यूक्रेन अगर रूस पर ‘‘आतंकवादी हमले’’ जारी रखता है, तो मास्को की प्रतिक्रिया ‘‘खतरे के स्तर के लिहाज से सख्त और आनुपातिक’’ होगी. उन्होंने कहा, ‘‘किसी को भी इस बारे में कोई संदेह नहीं होना चाहिए.’’ घंटों तक चलने वाले भीषण हमले ने मास्को द्वारा अचानक सैन्य हमलों को तेज किए जाने को परिलक्षित किया है. इससे एक दिन पहले ही पुतिन ने शनिवार को रूस को क्रीमिया के कब्जे वाले क्षेत्र से जोड़ने वाले विशाल पुल पर विस्फोट को यूक्रेनी विशेष सेवाओं द्वारा नियोजित एवं अंजाम दिया गया एक ‘‘आतंकवादी कृत्य’’ कहा था.

रूसी सुरक्षा परिषद के सदस्यों से साथ एक वीडियो कॉल को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि रूसी सेना ने प्रमुख ऊर्जा और सैन्य कमान सुविधाओं को लक्षित करने के लिए हवा, समुद्र और जमीन से सटीक हथियार प्रक्षेपित किए. इन मिसाइल हमलों को हाल के महीनों में रूस द्वारा किया गया सबसे बड़ा व व्यापक हमला करार दिया गया. प्रमुख शहरों पर निरंतर हमलों ने आवासीय क्षेत्रों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुविधाओं को समान रूप से प्रभावित किया. हाल के हफ्तों में एक सफल यूक्रेनी जवाबी कार्रवाई के बीच युद्ध में तेजी नजर आई है.

रूस-यूक्रेन युद्ध को सात महीने से ज्यादा समय हो चुका है और जिन इलाकों को मास्को अपने में मिलाने की कोशिश में था वहां कई मोर्चों पर उसे युद्ध के मैदान में कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ा है. कीव के मेयर विताली क्लित्चको ने कीव के बीचों-बीच शेवचेंको में विस्फोट होने की जानकारी दी. इस इलाके में कई सरकारी कार्यालय हैं, जिन्हें नुकसान पहुंचा है. कुछ हमले राजधानी के प्रतीकात्मक केंद्र में सरकारी आवासों के पास हुए, जहां संसद और अन्य प्रमुख स्थल स्थित हैं.

कई स्थानीय निवासी सड़कों पर नजर आए और उनमें से कई घायल थे. हवाई हमलों से लोगों को सतर्क करने वाले सायरन कीव समेत देश के कई इलाकों में बार-बार बज रहे थे. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन के खिलाफ दर्जनों मिसाइलें और ईरानी निर्मित ड्रोन से हमला किया. यूक्रेन सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने कहा कि 75 मिसाइलों को यूक्रेन के ठिकानों की तरफ दागा गया, जिनमें से 41 को वायु रक्षा द्वारा निष्प्रभावी कर दिया गया.

जेलेंस्की ने एक वीडियो संबोधन में कहा कि लक्ष्य 10 शहरों में नागरिक क्षेत्र और ऊर्जा सुविधाएं थीं. उन्होंने कहा, ‘‘(रूसियों ने) सबसे अधिक नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे समय और ऐसे लक्ष्यों को चुना.’’ यूक्रेन की संसद सदस्य लेसिया वासिलेंको ने मध्य कीव में स्थित ‘कीव नेशनल यूनिर्विसटी’ की मुख्य इमारत के निकट हुए विस्फोट की तस्वीर ट्वीट की.

कीव में आपात सेवा की प्रवक्ता स्वितलाना वोदोलागा ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया कि लोग हताहत हुए हैं और बचावकर्ता विभिन्न स्थलों पर काम कर रहे है. कीव के अलावा खारकीव, ल्वीव, तेर्नोपिल, खेमेल्नित्स्की, जिथोमिर के अलावा कुछ और शहर रूसी हमले की जद में रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu