विद्रोह के कुछ दिनों बाद वैगनर नेता प्रिगोझिन से मिले थे रूसी राष्ट्रपति पुतिन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Jul 2023 08:38 PM
विद्रोह के कुछ दिनों बाद वैगनर नेता प्रिगोझिन से मिले थे रूसी राष्ट्रपति पुतिन
ऑडियो सुनें

कीव. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने निजी सैन्य समूह वैगनर के विद्रोह के कुछ दिनों बाद उसके प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन से मुलाकात की थी. रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को कहा कि तीन घंटे की बैठक 29 जून को हुई और इसमें प्रिगोझिन द्वारा स्थापित सैन्य समूह के कमांडर भी शामिल थे.

वैगनर के भाड़े के सैनिकों ने यूक्रेन में रूसी सैनिकों के साथ लड़ाई लड़ी है. प्रिगोझिन का रूस के शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ लंबे समय से संघर्ष चल रहा है, जिसकी परिणति 24 जून को सशस्त्र विद्रोह में हुई. प्रिगोझिन ने बेलारूस में उसके निर्वासन के लिए हुए एक समझौते के बाद विद्रोह खत्म कर दिया था.

बगावत के बाद पुतिन ने प्रिगोझिन को पीठ में छुरा घोंपने वाला गद्दार करार दिया था. पुतिन के साथ आमने-सामने की मुलाकात की पुष्टि ने भाड़े की सेना के प्रमुख को लेकर अनिश्चितताओं में और इजाफा किया है. इस असफल विद्रोह के बाद वह कहां हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं है. इस विद्रोह ने हालांकि पुतिन के प्रभुत्व को भी गंभीर रूप से कमजोर किया है.

पेस्कोव ने कहा कि 29 जून की बैठक के दौरान, पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध के मैदान में वैगनर के कार्यों और “24 जून की घटनाओं” को लेकर “आकलन” की पेशकश की. क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा, राष्ट्रपति ने “कमांडरों के स्पष्टीकरण भी सुने और उन्हें रोजगार और युद्ध में आगे उपयोग के विकल्प की पेशकश की.” पेस्कोव ने कहा, “जो कुछ हुआ, उसे लेकर कमांडरों ने खुद अपना पक्ष रखा. उन्होंने रेखांकित किया कि वे राज्य के प्रमुख और कमांडर-इन-चीफ के कट्टर समर्थक और सैनिक हैं, और यह भी कहा कि वे अपनी मातृभूमि के लिए लड़ने के लिए तैयार हैं.” पेस्कोव ने कहा कि बैठक में वैगनर कमांडरों और कंपनी के नेता (खुद प्रिगोझिन) सहित कुल 35 लोगों ने भाग लिया.

इसके अलावा सोमवार को, रूस के रक्षा मंत्रालय ने देश के सैन्य प्रमुख का एक वीडियो प्रकाशित किया. यह पहला मौका था जब उन्हें अपदस्थ करने के उद्देश्य से किए गए विद्रोह के बाद जनरल वालेरी गेरासिमोव को दिखाया गया था. पिछले महीने के विद्रोह के दौरान, प्रिगोझिन ने यूक्रेन में अपने लड़ाकों को गोला-बारूद उपलब्ध कराने में विफल रहने के लिए गेरासिमोव और रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु की बार-बार निंदा की.

सोमवार का घटनाक्रम एक उथल-पुथल भरे दौर के बाद मॉस्को द्वारा इस पूरे विमर्श पर अपने नियंत्रण का प्रयास प्रतीत होता है.
इस बीच, दक्षिणी यूक्रेन में एक स्कूल पर रूसी हवाई हमले में चार लोगों की मौत हो गई. यूक्रेन के जापोरिज्जिया प्रांत के गवर्नर ने सोमवार को इस हमले को “युद्ध अपराध” करार देते हुए बताया कि लोगों को तब निशाना बनाया गया जब वे मानवीय सहायता प्राप्त करने के लिये एकत्र हुए थे. गवर्नर यूरी मालाश्को ने कहा कि ओरिखीव शहर में रविवार को हुए हमले में तीन महिलाओं और एक पुरुष की जान चली गई थी. उन्होंने कहा कि इस हमले में 11 अन्य लोग घायल भी हो गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu