शाहजहां शेख अब ‘कानूनी संरक्षण’ में: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Feb 2024 07:35 PM
शाहजहां शेख अब ‘कानूनी संरक्षण’ में: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को शाहजहां शेख की गिरफ्तारी को उन्हें मिली हुई ‘कानूनी सुरक्षा’ बताया और संदेशखालि में तृणमूल कांग्रेस के नेता के खिलाफ कई महिलाओं द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के अपराध के लिए उन पर आरोप नहीं लगाने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस की आलोचना की.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शेख को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हिंसक हमले के मामले में गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने सवाल किया कि जब ईडी मामले में उसे पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया है तो उसे केंद्रीय एजेंसी को क्यों नहीं सौंप दिया गया. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के दौरान शाहजहां शेख का जो हावभाव था वह किसी गुनहगार का नहीं लग रहा था.

उन्होंने कहा, ”शाहजहां शेख महफूज ठिकाने पर ममता सरकार की दामन-ए-रहमत में कहीं पर सुरक्षित था. अब उसे दोबारा हिफाजत देने के लिए ताकि उसे ईडी और सीबीआई द्वारा गिरफ्तार न किया जा सके, इसलिए पश्चिम बंगाल पुलिस की मेहमान नवाजी में ले जाया गया है.” उन्होंने कहा, ”मैं मेहमान नवाजी इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि गिरफ्तारी के दौरान शाहजहां शेख की जो भाव भंगिमा थी, वह किसी गुनहगार की नहीं लग रही थी. शाहजहां शेख को अभी तक ‘सेक्युलर प्रोटेक्शन’ प्राप्त था, अब उसे ‘लीगल प्रोटेक्शन’ प्राप्त है.” त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि आरोपी को ‘विक्ट्री साइन’ दिखाते हुए देखा गया. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सरकार ‘मुगल मानसिकता’ की प्रतीक है.

त्रिवेदी ने कर्नाटक कांग्रेस के नेता बी के हरिप्रसाद पर भी आरोप लगाया कि जिन्होंने कहा है कि पाकिस्तान भाजपा के लिए दुश्मन देश हो सकता है लेकिन उनकी पार्टी के लिए नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ऐसे दलों की भरमार है जो आतंकवादियों, अपराधियों और पाकिस्तान के साथ सहानुभूति रखते हैं. उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ में (पाकिस्तान के लिए) इतनी मोहब्बत क्यों है.

उन्होंने कहा कि मणिशंकर अय्यर और सलमान खुर्शीद जैसे कांग्रेस के नेताओं ने अतीत में पड़ोसी देश के प्रति सहानुभूति रखने वाली टिप्पणियां की हैं. त्रिवेदी ने कहा कि इन दलों ने बार-बार भारत की अवमानना की है और लोग उन्हें दंडित करेंगे. हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष द्वारा कांग्रेस के छह बागी विधायकों को अयोग्य ठहराए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि राज्य में पार्टी की सरकार डगमगाती स्थिति में है.

पश्चिम बंगाल में भाजपा के सह प्रभारी अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि शेख को राज्य पुलिस ने ईडी और सीबीआई की हिरासत से बचाने के लिए गिरफ्तार किया. भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख मालवीय ने ‘एक्स’ पर कहा, ”क्या यह गिरफ्तारी है? पश्चिम बंगाल पुलिस शेख शाहजहां को उसी तरह एस्कॉर्ट (सुरक्षा घेरे में ले जाना) कर रही है जैसे वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एस्कॉर्ट करते हैं. अब तक शेख शाहजहां पश्चिम बंगाल पुलिस के संरक्षण में था.”

उन्होंने कहा कि जैसे ही कलकत्ता उच्च न्यायालय ने ईडी और सीबीआई को शेख शाहजहां को गिरफ्तार करने की अनुमति दी, ममता बनर्जी की पुलिस ने उन्हें अपने नियंत्रण में ले लिया. उन्होंने दावा किया कि वे ईडी और सीबीआई के वकीलों को अंदर जाने से रोकने के लिए जल्दबाजी में उन्हें एक स्थानीय अदालत में ले गए.

पुलिस ने कहा कि शेख को राशन घोटाले के एक मामले में उसके घर पर छापे के दौरान पांच जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हमले के सिलसिले में नाजत पुलिस थाने में दर्ज दो मामलों में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 147 (दंगा फैलाने का दोष), 148 (घातक हथियार से लैस होकर दंगा करने का दोषी), 149 (गैरकानूनी तरीके से एकत्र होना), 307 (हत्या का प्रयास), 333 (जो भी स्वेच्छा से किसी लोक सेवक को गंभीर चोट पहुंचाता है) और 392 (लूटपाट) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu