अश्लील वीडियो जारी करने के पीछे शिवकुमार का हाथ : भाजपा नेता जरकीहोली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Jan 2023 06:11 PM
ऑडियो सुनें

बेलगावी. दो साल पहले कथित सेक्स स्कैंडल की वजह से कर्नाटक मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रमेश जरकीहोली ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने की साजिश के पीछे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी.के.शिवकुमार का हाथ था. उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार ‘गिरोह’ का पता लगाने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से मामले की जांच कराने की मांग की.

जरकीहोली की गिनती शक्तिशाली मंत्री के तौर पर की जाती थी और वर्ष 2021 में सेक्स स्कैंडल के आरोपों की वजह से इस्तीफा देते समय उनके पास जल संसाधन विभाग था. जरकीहोली के खिलाफ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले लगे आरोपों की वजह से राज्य सरकार को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था. पूरे विवाद के केंद्र में रही एक महिला ने आरोप लगाया कि मंत्री ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर उसका शोषण किया. हालांकि, जरकीहोली ने इन आरोपों से इनकार किया था.

गोकाक से भाजपा विधायक जरकीहोली ने सोमवार को कहा कि मामले की सच्चाई को सामने लाने के लिए महिला और मांड्या जिले के उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. एक निजी होटल में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में जरकीहोली ने कहा, ‘‘ मैं मांग करता हूं कि राज्य सरकार इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपे. लड़की को मांड्या जिले के दो लोगों सहित उसके सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया जाना चाहिए जिनके नामों का खुलासा मैं सीबीआई के समक्ष करूंगा.’’’ पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता शिवकुमार ने उनकी निजी जिंदगी बर्बाद करने की कोशिश की.

उन्होंने कहा, ‘‘ डी.के. शिवकुमार नेता कहलाने योग्य नहीं हैं. किसी को भी किसी की निजी जिंदगी बर्बाद नहीं करनी चाहिए. मैंने कभी निजी हमले नहीं किए.’’ भाजपा नेता ने दावा किया कि उनके पास सबूत हैं जो साबित करते हैं कि इस पूरे प्रकरण के पीछे शिवकुमार का हाथ है. जरकीहोली के मुताबिक, कांग्रेस नेताओं समेत राज्य के कई नेताओं और शीर्ष नौकरशाहों के अश्लील वीडियो हैं जिनका इस्तेमाल ब्लैकमेंिलग के लिए किया जा रहा है.

उन्होंने कहा, ‘‘यह गंभीर मुद्दा है क्योंकि कांग्रेस नेताओं सहित कई नेताओं और शीर्ष अधिकारियों को मोहपाश (हनीट्रैप) में फंसाया जा रहा है और उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है. मैं राज्य सरकार से अपील करूंगा कि इस मामले को सीबीआई को सौंप दिया जाए.’’ जरकीहोली के आरोपों पर प्रतिक्रिया देने के लिए शिवकुमार उपलब्ध नहीं हो सके. कांग्रेस की ओर से भी भाजपा विधायक के आरोपों पर प्रतिक्रिया नहीं आई है. जरकीहोली ने कांग्रेस विधायक लक्ष्मी हेब्बलकर का परोक्ष संदर्भ देते हुए आरोप लगाया कि वह भी साजिश का हिस्सा थीं. जरकीहोली के बयान की हेब्बलकर के भाई चन्नाराज हट्टीहोली ने निंदा की है.

कांग्रेस नेता हट्टीहोली ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जरकीहेली द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कोई स्पष्टता नहीं है.
उन्होंने कहा, ‘‘आरोप लगाना आसान है. आरोप लगाने और झूठ बोलने के बजाय अगर आप (जरकीहोली) दस्तावेज और सबूत सार्वजनिक कर देते तो हम जवाब दे सकते थे.’’ उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि भाजपा सरकार क्यों नहीं सेक्स स्कैंडल मामले की जांच सीबीआई को सौंप देती और क्यों गोकाक के विधायक दो साल की चुप्पी के बाद इस मांग के लिए मजबूर हुए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu