थाईलैंड में ‘चाइल्ड केयर सेंटर’ में गोलीबारी, 37 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Oct 2022 08:53 PM
थाईलैंड में ‘चाइल्ड केयर सेंटर’ में गोलीबारी, 37 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. पूर्वोत्तर थाईलैंड के एक ‘डे केयर सेंटर’ में एक पूर्व पुलिसकर्मी ने बृहस्पतिवार को गोलीबारी की जिसमें दर्जनों बच्चों और शिक्षकों की मौत हो गई. हमलावर ने घटनास्थल से भागने के दौरान भी गोलीबारी की जिससे कई और लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थ से जुड़े मामले में पुलिस सेवा से बर्खास्त किए गए हमलावर ने बाद में घर जाकर पत्नी और बेटे की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली. मृतकों की संख्या 37 बताई गई है.

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ‘डे केयर’ (दिन में बच्चों की देखरेख करने वाला केंद्र जहां आमतौर पर नौकरी पेशा महिलाएं अपने बच्चों को छोड़कर जाती हैं) के कर्मी ने जब बंदूकधारी हमलावर को देखा तो उसने दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन हमलावर गोली चलाते हुए अंदर दाखिल हो गया.

वीडियों में बच्चों के परिवार के सदस्य डे केयर की इमारत के बाहर विलाप करते दिख रहे हैं. आॅनलाइन जारी एक तस्वीर में डे केयर के एक कमरे में खून से सने गद्दे फर्श पर पड़े और रंग-बिरंगे अक्षरों से सजाई गई दीवारें दिख रही हैं. पुलिस प्रवक्ता अर्चयोन क्राइथोंग के मुताबिक हमले में कम से कम 37 लोगों की मौत हुई है और 12 अन्य लोग घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि मारे गए लोगों में 24 बच्चे हैं जिनमें से अधिकतर प्री स्कूल में पढ़ने वाले हैं.

एक प्रत्यशदर्शी ने थाईलैंड के कोम चाड ल्यूक टेलीविजन को घटनास्थल पर बताया, ‘‘हमले में मारी गई एक शिक्षिका की गोद में घटना के समय बच्चा था.’’ पुलिस ने संदिग्ध हमलावर की पहचान 34 वर्षीय पूर्व पुलिस अधिकारी पन्या कामराप के तौर पर की है. पुलिस मेजर जनरल पैसल लुइसोमबून ने पीपीटीवी को दिए साक्षात्कार में बताया कि संदिग्ध को मादक पदार्थ संबंधी आरोपों के कारण इस साल के शुरु में बर्खास्त कर दिया गया था.

पैसल ने बताया कि हमलावर ने हमले में हैंडगन, शॉटगन और चाकू सहित कई हथियारों का इस्तेमाल किया. स्थानीय पुलिस प्रमुख दामरोंगसाक कित्तीप्रफा ने संवाददाताओं को बताया कि संदिग्ध को जब पुलिस बल से निकाला गया था, तब वह सार्जेंट के पद पर तैनात था. उन्होंने बताया कि हमलावर ने मुख्य रूप से 9 एमएम पिस्तौल का इस्तेमाल किया जिसे उसने खुद खरीदा था.

उन्होंने कहा,‘‘ हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं. हमले का पहला दिन है और हमारे पास विस्तृत जानकारी नहीं है.’’ पुलिस ने मारे गए लोगों की विस्तृत जानकारी नहीं दी है लेकिन कहा है कि पूर्वोत्तर थाईलैंड स्थित नोंग बुआ लाम्फू शहर में स्थित डे केयर में कम से कम 22 बच्चों और दो वयस्कों की मौत हुई है.

गौरतलब है कि थाईलैंड में अमेरिका और ब्राजील के मुकाबले गोलीबारी से मौतों की संख्या कम है, लेकिन जापान और सिंगापुर जैसे देशों के मुकाबले अधिक है जहां पर सख्त बंदूक नियंत्रण कानून लागू हैं. थाईलैंड के प्रधानमंत्री प्रयुथ चान ओचा ने संवाददाताओं से कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक पूर्व अधिकारी को निजी समस्या थी. प्रधानमंत्री शु्क्रवार को इस शहर का दौरा करना था. उन्होंने कहा, ‘‘यह नहीं होना चाहिए था. ह पीड़ितों और उनके परिजनों के लिए दुखी हैं.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu