अडाणी मुद्दे से लोगों का ध्यान हटाने के लिए सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया : आप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Feb 2023 06:49 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/श्रीनगर/मुंबई. आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी ‘‘भाजपा की तानाशाही के अलावा और कुछ नहीं’’ है. सिंह ने कहा कि अडाणी मामले में लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह कार्रवाई की गई है.

सिंह ने कहा, ‘‘गरीब बच्चों के कल्याण के लिए जी तोड़ मेहनत करने वाले नेता को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है. मनीष सिसोदिया के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला. अडाणी को लेकर मचे हंगामे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसा किया जा रहा है.’’ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन नेताओं और उनकी पार्टियों को ‘‘परेशान’’ कर रही है, जिन्होंने अडाणी मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग की थी.

सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने उन नेताओं को परेशान करना शुरू कर दिया है, जो अडाणी मामले की जेपीसी जांच की मांग कर रहे थे. सीबीआई, सेबी, आयकर विभाग सब खामोश हैं. एक तरफ अडाणी हैं, जो करोड़ों रुपये की हेराफेरी कर रहे हैं और बिना किसी जांच के खुलेआम घूम रहे हैं तथा दूसरी तरफ वे एक ऐसे नेता को गिरफ्तार कर रहे हैं, जो सर्मिपत रूप से काम कर रहे हैं.’’ अमेरिका की ‘ंिहडनबर्ग रिसर्च’ ने अडाणी समूह की कंपनियों पर शेयर कीमतों में हेराफेरी करने के आरोप लगाए थे. अडाणी समूह ने आरोपों को झूठ बताते हुए खारिज कर दिया है.

सिंह ने दावा किया कि भाजपा आप की उपलब्धियों और लोकप्रियता से ‘ईर्ष्या’ करती है. उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा आम आदमी पार्टी की उपलब्धियों और बढ़ती लोकप्रियता से जलती है…मैंने कल कहा था कि यह तानाशाही की पराकाष्ठा है और मैं उस बयान को दोहराता हूं. लेकिन लोग सब कुछ देख रहे हैं और वे न्याय सुनिश्चित करेंगे. यह तानाशाही है. जल्द इस तानाशाही का अंत होगा.’’ उन्होंने कहा कि आप आंदोलन से पैदा हुई है और इसके नेता जेल जाने से नहीं डरते. दिल्ली पुलिस पर हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि आप के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के लिए पुलिसर्किमयों को आप कार्यालय के भीतर भेजा गया.

सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘पुलिसकर्मी हमारे पार्टी कार्यालय के अंदर आए और हमारे कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को हिरासत में ले लिया. यह भाजपा की तानाशाही की पराकाष्ठा है. दिल्ली पुलिस और तमाम केंद्रीय एजेंसियां भाजपा के इशारे पर काम कर रही हैं.’’

जम्मू-कश्मीर समेत देश के विभिन्न हिस्सों में सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ ‘आप’ का विरोध प्रदर्शन

आबकारी नीति मामले में सीबीआई द्वारा दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने देश के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन किए . कई जगह पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया.
कोलकाता, गांधीनगर, बेंगलुरू और पटना समेत देश के विभिन्न हिस्सों में भी प्रदर्शन किए गए.

केंद्र शासित प्रदेश में विरोध मार्च निकालने के आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं के प्रयास को पुलिस ने सोमवार को विफल कर दिया. वहीं, मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने जा रहे ‘आप’ के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया.

केंद्र शासित प्रदेश में ‘आप’ कार्यकर्ता राजबाग स्थित पार्टी कार्यालय के पास इकट्ठा हुए और सिसोदिया की गिरफ्तारी की ंिनदा करते हुए ‘‘शिक्षा मंत्री तुझे सलाम’’, ‘‘गुंडागर्दी नहीं चलेगी’’ और ‘‘तानाशाही नहीं चलेगी’’ जैसे नारे लगाए. पुलिस ने दक्षिण मुंबई के चर्चगेट स्टेशन के पास अपनी पार्टी की पहचान वाली टोपी पहने आप कार्यकर्ताओं को रोक लिया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने जैसे ही धरना दिया, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. ‘आप’ की महाराष्ट्र इकाई की प्रमुख प्रीति शर्मा मेनन ने कहा कि पुलिस का काम संविधान की रक्षा करना है, भाजपा की रक्षा करना नहीं.

वहीं, ‘आप’ के जम्मू-कश्मीर के युवा मोर्चा के नेता रिजवान अहमद ने कहा, ‘‘हम इस दिन को ‘‘काले दिवस’’ के रूप में मना रहे हैं. आम आदमी पार्टी के एक सम्मानित सदस्य को जेल भेज दिया गया है. यह पूरे भारत में लोकतंत्र के लिए एक ‘‘काला दिन’’ है.’’ सीबीआई ने रविवार को सिसोदिया को शराब की बिक्री से संबंधित आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में गिरफ्तार किया था. यह नीति अब रद्द की जा चुकी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu