सपा विधायक बोले- मुस्लिम आबादी बढ़ रही है, 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Sep 2024 08:07 PM
सपा विधायक बोले- मुस्लिम आबादी बढ़ रही है, 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी

ऑडियो सुनें

बिजनौर. समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री महबूब अली ने कहा है कि मुस्लिम आबादी बढ़ने से 2027 में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता से बाहर हो जाएगी. इस मामले में विधायक महबूब अली और बिजनौर से सपा जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. अमरोहा से छठी बार विधायक बने 72 वर्षीय महबूब अली ने रविवार को बिजनौर में संविधान मान स्तंभ स्थापना कार्यक्रम में यह टिप्पणी की. उनका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है.

वायरल वीडियो में अली कहते दिख रहे हैं, ”अब प्रतिशत बढ़ रहा है. समझ लो अब तुम्हारा राज खत्म हो जाएगा. आबादी बढ़ रही है मुसलमानों की. और आगे (सपा) सत्ता में आ जाएंगे.” वीडियो के मुताबिक उन्होंने कहा, ह्लआज देश को चलाने वाले यह एहसास कर लें कि हिंदुस्तान की अवाम जाग चुकी है. संसद (पिछले लोकसभा चुनाव) में भी जवाब दिया है. आने वाले वक्त में 2027 में आप (भाजपा) जाएंगे जरूर.” इस बीच, मामले को लेकर विधायक महबूब अली और बिजनौर से सपा जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि सोमवार को वायरल हुए सपा नेता महबूब अली के वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है. इस मामले में दारोगा संजीव कुमार की तहरीर पर बिजनौर कोतवाली में सुसंगत धाराओ में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है.

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि महबूब अली ने हिंदू और मुस्लिम धर्मों के लोगों के बीच वैमनस्य फैलाने और नफरत पैदा करने वाले भाषण दिए हैं. साथ ही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सपा जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन ने भी इस मामले में अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई. लिहाजा दोनों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए. भाजपा ने साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की अगुवाई वाली सपा को सत्ता से बेदखल कर दिया था. उसके बाद साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा अपनी सत्ता बरकरार रखने में कामयाब रही थी. प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव वर्ष 2027 में होना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu