
नयी दिल्ली: टी20 विश्व कप के सुपर आठ में प्रवेश अब अफगानिस्तान के हाथ में भले ही नहीं हो लेकिन कप्तान राशिद खान ने कहा कि टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने की दशा में भी उनकी टीम अपने खेल से देश को गौरवान्वित करेगी। अफगानिस्तान ने ग्रुप डी में यूएई को पांच विकेट से हराया जबकि दक्षिण अफ्रीका तीन मैचों में छह अंक के साथ सुपर आठ में पहुंच गया है।
न्यूजीलैंड के तीन मैचों में चार अंक है और चेन्नई में कनाडा को हराने पर वह सुपर आठ में पहुंच जायेगा। ऐसे में अफगानिस्तान आखिरी मैच में कनाडा को हराने पर भी बाहर हो जायेगा। राशिद ने मैच के बाद कहा ,” हम सर्वश्रेष्ठ की उम्मीद कर रहे हैं। लेकिन अभी भी अगले दौर में पहुंचने की उम्मीद है। हमें कनाडा के खिलाफ सकारात्मक मानसिकता के साथ उतरना होगा।’
उन्होंने कहा,” अगले मैच में क्या होगा, कह नहीं सकते। यह टी20 क्रिकेट है और हम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। अगर सुपर आठ में नहीं भी पहुंचे तो भी ऐसे ही खेलकर अपने देशवासियों को गौरवान्वित करेंगे।” उन्होंने कहा,” यूएई को 160 के भीतर रोकना अच्छा प्रयास था। हम पहले दस ओवर में अच्छा नहीं खेल सके और अब तक सभी मैचों में यह दिक्कत आई है । इस पर काम करना होगा।”



