हिंडनबर्ग के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Aug 2024 08:54 PM
हिंडनबर्ग के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को कहा कि ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ ने कांग्रेस के साथ मिलकर देश को बदनाम किया है और अमेरिकी शोध एवं निवेश कंपनी के खिलाफ ‘सख्त से सख्त कार्रवाई’ की जाएगी. हिंडनबर्ग ने शनिवार देर रात जारी अपनी नयी रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की चेयरपर्सन माधबी बुच और उनके पति धबल बुच ने बरमूडा तथा मॉरीशस में अस्पष्ट विदेशी कोषों में अघोषित निवेश किया था. उसने कहा कि ये वही कोष हैं जिनका विनोद अदाणी ने कथित तौर पर पैसों की हेराफेरी करने तथा समूह की कंपनियों के शेयरों की कीमतें बढ.ाने के लिए इस्तेमाल किया था. विनोद अदाणी, अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के बड़े भाई हैं.

सेबी प्रमुख बुच और उनके पति ने एक संयुक्त बयान जारी कर हिंडनबर्ग के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है. अदाणी समूह ने हिंडनबर्ग रिसर्च के इन आरोपों को दुर्भावनापूर्ण और चुनिंदा सार्वजनिक सूचनाओं से छेड़छाड़ करने वाला बताते हुए रविवार को कहा कि उसका सेबी की चेयरपर्सन या उनके पति के साथ कोई वाणिज्यिक संबंध नहीं है. केंद्रीय कपड़ा मंत्री सिंह ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बात करते हुए कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और जयराम रमेश पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा, ”राहुल (गांधी) और जयराम रमेश… यह देश को बदनाम करने वाला गिरोह है. हिंडनबर्ग हमें बदनाम करता है. हम राष्ट्र का यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे. ये लोग देश के दुश्मन हैं. अब हिंडनबर्ग के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.” गांधी को ”बड़े बाप का बेटा” करार देते हुए सिंह ने कहा, ”राहुल को देश और देश की दिशा के बारे में कुछ भी पता नहीं है.” उन्होंने कहा कि देशवासियों को ऐसे लोगों से ”सावधान” रहना चाहिए जो भ्रम और भय पैदा करने की कोशिश करते हैं.

हिंडनबर्ग मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच की कांग्रेस की मांग के बारे में पूछे जाने पर, सिंह ने कहा, ”हिंडनबर्ग के पीछे कांग्रेस है. हिंडनबर्ग भारत को बर्बाद करने के लिए एक ‘टूल किट’ है और राहुल गांधी जैसे लोग इसमें शामिल हैं.” लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को माधवी बुच के खिलाफ आरोपों की जेपीसी से जांच कराने की मांग की थी.

सिंह ने कहा, ”राहुल गांधी जब विदेश जाते हैं तब भी देश को बदनाम करते हैं. जब वह (राहुल) घर पर होते हैं तो देशवासियों में भ्रम और डर पैदा करते हैं… देशवासियों को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए. भ्रम पैदा करना राष्ट्र-विरोधियों का काम हो सकता है. यह उचित नहीं है, कोई भी देशभक्त ऐसा काम नहीं कर सकता.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu