हिमाचल के हमीरपुर में दिखा संदिग्ध बैलून, मचा हड़कंप, छानबीन में जुटी पुलिस

दुनिया के मुख्तलिफ मुल्कों में संदिग्ध गुब्बारों ने हड़कंप मचा रखा था। अब इससे मिलती जुलती घटना हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में भी देखी गई है। हमीरपुर पुलिस ने गुरुवार शाम को एक संदिग्ध गुब्बारा देखे जाने की तस्दीक की। उन्होंने कहा कि कांकरी चौकी गांव में एक संदिग्ध गुब्बारा बरामद किया है। राहगीरों ने हवाई जहाज के आकार के गुब्बारे को पेड़ पर फंसा देखा तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सफेद और बैंगनी रंग के गुब्बारे पर उर्दू एवं अंग्रेजी में कुछ लिखा था। पुलिस ने कहा कि गुब्बारे पर चांद और तारे के प्रतीक हैं।

आशंका जताई जा रही है कि इस गुब्बारे को पाकिस्तान की ओर से भेजा गया हो। हालांकि जैसे ही घटना की जानकारी हमीरपुर पुलिस को मिली एक टीम मौके पर रवाना कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर गुब्बारे को कब्जे में ले लिया। संदिग्ध गुब्बारा झाड़ियों के ऊपर लटका पाया गया था। एरोप्लेन के आकार वाले इस गुब्बारे का कलर कंबीनेशन सफेद और चॉकलेट रंग का है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि इस क्षेत्र में गुब्बारा कब से लटक रहा था।

अभी दो दिन पहले ही जम्मू के सांबा जिले में ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। सांबा जिले के घग्वाल क्षेत्र में एक गुब्बारा देखा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को जब्त कर लिया। यह गुब्बारा पीले और सफेद रंग का था। यह गुब्बारा भी एरोप्लेन की शक्ल का था। गुब्बारे पर अंग्रेजी में पीआईए लिखा था। इस गुब्बारे को भी पाकिस्तान की ओर से भेजे जाने का संदेह जताया गया था।

पिछले महीने अमेरिकी इलाकों में कई संदिग्ध गुब्बारे देखे गए थे। अमेरिका में देखे गए गुब्बारों को लेकर पहले तो चीन पर संदेह जताया गया लेकिन बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का कहना था कि अमेरिका और कनाडा के हवाई क्षेत्र में नष्ट की गईं तीन संदिग्ध वस्तुओं के चीनी जासूसी गुब्बारा कार्यक्रम से जुड़ाव के संकेत नहीं मिले हैं। उनका कहना था कि शायद ये गुब्बारे निजी कंपनियों या अनुसंधान संस्थानों की थीं। सनद रहे अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने उक्त तीन संदिग्ध वस्तुओं को नष्ट किया था।

Related Articles

Back to top button